ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गा पूजा की धूम, श्रद्धालुओं ने की शांति एवं समृद्धि की कामना

दरभंगा। शारदीय नवरात्रि पर ग्रामीण क्षेत्रों में सातवें दिन पूजा पंडालों में दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। सप्तमी पर मां कालरात्रि के स्वरूप का दर्शन किया। देर रात तक पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ रही। मां के जयकारे से आस पास का पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। सभी देवी पंडालों पर सुबह शाम आरती देवी गीत से क्षेत्र गुंजायमान हो रहा है।

पूजा पंडालों में मैया के साथ सेल्फी लेने में व्यस्त रहे युवा
केवटी : वेलतोड़ी के रस्म पूरा होने के बाद प्रखंड क्षेत्र के केवटी, नयागांव, मोहनपुर, दिघियार, छतवन, हाट गाछी छतवन, लदारी, बग्घा, पिडारूच, मुहम्मदपुर तेलिया पोखड़, कर्जापट्टी, माघोपट्टी, कोयलास्थान , ननौरा , रजौड़ा रहीटोल आदि जगहों पर मंगलवार को मां का पट खोल दिया गया। पूजा पंडाल मां के जयकारों से गूंज उठे। पट खुलते ही चहुंओर रौनक बढ़ गई है। माता भगवती की खोइंछा भरने वाली महिलाओं की लंबी कतारे दिखी। सभी मां का एक झलक पाने को बेताब थे। इधर युवा वर्ग मां दुर्गा के साथ सेल्फी लेने में भी व्यस्त दिखे।

महाअष्टमी पर लगाए जाएंगे 56 भोग बहादुरपुर,: प्रखंड क्षेत्र के गोविदपुर गांव में 27 वर्षों से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है। पूजा समिति के अध्यक्ष अजय चौधरी बताते हैं, पूजा समिति को गांव के अलावे आस पास के मोहल्लों से भी सहयोग मिलता है। महाअष्टमी तिथि पर मां दुर्गा को 56 भोग लगाया जाएगा। यहां मुस्लिम महिलाएं भी भगवती को पट खुलने के बाद खोइंछा भरती हैं।
कंसी में मां भगवती के दर्शन को उमड़ी भीड़
सिंहवाड़ा : कंसी दुर्गा स्थान में स्थापित माता जगदंबे की पट खुलते ही दर्शन करने वाले भक्तों की भीड़ लगी रही। अखंड पाठ व हवन के बीच आचार्य कौशल किशोर झा ने संकल्पित तृप्त नारायण झा,परिचायक नरेन्द्र झा,चंचल झा,रौशन को पूजा अर्चना कराया। संध्या आरती में महिलाओं ने मां भगवती का दर्शन कर खोइंछा भरकर पूजनोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया। मौके कंसी सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के संरक्षक सुशील कुमार चौधरी,अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी,सचिव भवेश कुमार चौधरी,कोषाध्यक्ष दिगम्बर चौधरी,उप सचिव सुधीर मिश्र,पूर्व पंचायत समिति कमलेश चौधरी,कालीकांत चौधरी,मिठू मिश्र,दिलीप सहनी,नंदकिशोर, सुनील चौधरी सक्रिय थे।
देवी की प्रतिमा का एक झलक पाने को बेताब रहे श्रद्धालु
कुशेश्वरस्थान : प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों एवं पंडालों में मैया के पट खुलते ही माता के दर्शनों के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु देवी दुर्गा के प्रतिमा का एक झलक देखने के लिए बेचैन दिखे। मंदिर के पट खुलने के साथ ही देवी दुर्गा के खोइंछा भरने का काम भी शुरू हो गया। भारी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने दिन भर उपवास रख कर दुर्गा मंदिरों एवं पंडालों में संध्या दीप प्रज्वलित कर भगवती के खोइछा भर कर पूजा अर्चना के साथ प्रसाद चढ़ाया।
संध्या आरती में जुटती श्रद्धालुओं की भीड़, लगते जयकारे हायाघाट, संस : प्रखंड क्षेत्र के दुर्गा पूजा पंडालों में मंगलवार की सुबह मां दुर्गा का पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान मां दुर्गा के एक झलक पाने को लेकर श्रद्धालु बेताब नजर आए। इस दौरान महिला श्रद्धालुओं की खोइंछा भरने को लेकर लंबी कतारें लगी हुई थी। जहां बाबा भूतनाथ दीनाराम ब्रह्मस्थान अनार- सुरहाचट्टी स्थित दुर्गा स्थान, हायाघाट दुर्गास्थान,मां वैष्णवी दुर्गा स्थान पतोर, थलवारा रेलवे कॉलोनी, अशोक पेपर मिल बलहा, आनंदपुर, बसहा, में आदिशक्ति जगत जननी मां जगदंबा की पूजा हुई। इस दौरान संध्या काल महाआरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ।
पूजा पंडालों में कोरोना का भय नहीं
मनीगाछी : देवी दुर्गा माता का पट खुलने के बाद से ही प्रखंड क्षेत्र के मनीगाछी, चनौर,भंडारिसम, उजान, ब्रहमपुर, दहौड़ा, नारायणपुर, कायस्थ कबई,राघोपुर ,नेहरा सहित अन्य गाँवों के मंदिरों एवं पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ दिखने लगी है। इस दौरान लोगों के मन में कोरोना का कोई भय नहीं दिख रहा है। लोग केवल माता में आस्था देख रहे हैं। भगवती मंदिरों एवं पूजा स्थलों पर खोइंछा भरने से लेकर मां के दर्शन करने वालों की भीड़ दिन भर लगी रही।

अन्य समाचार