केनगर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पांचवें चरण का मतदान आज

संस, केनगर (पूर्णिया) : प्रखंड क्षेत्र में पांचवें चरण का मतदान आज होगा। मतदान कार्य सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगी। मतदान को लेकर प्रखंड प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदाता ईवीएम एवं बैलेट बाक्स द्वारा अपना मताधिकार का प्रयोग करेंगे। केनगर प्रखंड के 17 पंचायतों में मतदान कराया जाएगा। इसके लिए 17 पंचायतों में 1 सौ 57 भवन एवं 7 चलंत गैर भवन में बनाए गए हैं। 2 सौ 57 बूथों पर 1 लाख 42 हजार 2 सौ 85 मतदाता मतदान कर 5 सौ 39 पदों पर 19 सौ 62 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदाताओं में 73 हजार 4 सौ 15 पुरुष एवं 68 हजार 8 सौ 70 महिला मतदाता शामिल है। मतदान कराने को लेकर 6 हजार 1 सौ 68 मतदान कर्मी एवं 9 सौ 6 सुरक्षा बलों को लगाया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर कोविड-19 से बचाव को लेकर टीकाकरण शिविर लगाया जाएगा एवं मूलभूत सुविधाओं में स्वच्छ पेयजल, बिजली, शौचालय, धूप बारिश से बचाव को लेकर टेंट आदि की व्यवस्था की गई है। उक्त जानकारी प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ सत्येन्द्र सिंह एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीपीआरओ चंदन कुमार ने दी। बताया कि 17 पंचायतों में 2 सौ 57 बूथों पर 1 हजार 28 ईवीएम एवं 5 सौ 14 वायलेट बाक्स का इस्तेमाल किया गया है। केनगर प्रखंड में पड़ने वाला केनगर थाना, चम्पानगर ओपी, मरंगा सहायक थाना की पुलिस निष्पक्ष शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव कराने हेतु गश्त लगाती रहेगी। सभी मतदान केंद्रों पर मजिस्ट्रेटों द्वारा क्रमानुसार वोट लक्ष्य प्राप्ति हेतु निरीक्षण कार्य जारी रहेगा। बीडीओ द्वारा यह भी बताया गया कि मतदान केंद्र से बाहर 1 सौ मीटर की दूरी तक धारा 144 लागू रहेगी। जहां कोई भी व्यक्ति भीड़ भाड़ के साथ एकत्रित पाया गया तो कानून व्यवस्था उल्लंघन की स्थिति में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।


अन्य समाचार