दीपावली पर्व को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय हुआ माहौल

संस, बड़हराकोठी (पूर्णिया) : दीपावली पर्व को लेकर इलाके में तैयारी जोरों पर है। लोग अपने अपने घरों के रंग रोगन व साफ सफाई में लगे हुए है। दीपों का पर्व दीपावली में बड़हरा कोठी प्रखंड क्षेत्र के चार जगहों पर मां काली मंदिरों में पूजा अर्चना के साथ साथ मेला का आयोजन किया जाता है। इन तमाम जगहों के काली मंदिरों में पंडालों की सजावट का कार्य किया जा रहा है। उन मंदिरों में मां काली की प्रतिमा सहित अन्य देवी देवताओं की प्रतिमाओं का निर्माण कार्य कुशल मूर्तिकार के द्वारा किया जा रहा है। प्रखंड के ग्राम पंचायत सुखसेना पश्चिम स्थित भटोत्तर, ग्राम पंचायत रसदम पुर स्थित सुखासन, ग्राम पंचायत दिवरा धनी स्थित गहिल स्थान और नाथपुर पंचायत के सिरसिया गांव में मां काली मंदिर में ग्रामीणों के सहयोग से भव्य मेला का आयोजन किया जाता है। हालांकि पिछले साल कोरोना संक्रमण को लेकर मेला नहीं लगा था। इस साल मेला लगाने के क्षेत्र वासियों में काफी उत्साह दिख रही है। इधर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भटोत्तर गांव में काली मेला में ब्रेक डांस झूला,राम झूला जादुगर, मौत कुआं सहित मनिहारा दुकान लगाने के दुकानदार अपनी अपनी जगह सुनिश्चित करने में लगे है। कुल मिलाकर इलाकों के लोगों में दीपावली व काली मेला को लेकर उत्साहित है।


अन्य समाचार