दीपावली के दिन भी नगर परिषद के वार्ड पार्षदों की बढ़ी रहेगी बेचैनी

लखीसराय। आगामी चार नवंबर को खुशियों एवं रोशनी का त्योहार दीपावली है। उस दिन भी लखीसराय नगर परिषद के वार्ड पार्षदों की बेचैनी बढ़ी रहेगी। घरों में दीप जलाने एवं खुशियां बनाने के बदले उप मुख्य पार्षद के लिए अंधेरा कायम करने में सदस्य जी-तोड़ अंतिम मेहनत करेंगे। चूंकि नगर परिषद लखीसराय में वार्ड पार्षदों के बीच उठा-पटक का खेल जारी है। भ्रष्टाचार के आरोप में मुख्य पार्षद अरविद पासवान को हटाए जाने के बाद अब उसी गंभीर आरोप में उप मुख्य पार्षद सुनील कुमार की कुर्सी भी खतरे में है। नप ईओ ने उप मुख्य पार्षद सुनील कुमार विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पर विशेष बैठक के लिए पांच नवंबर की तारीख तय कर दी है। नप ईओ द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि 12 वार्ड पार्षदों ने उप मुख्य पार्षद के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के लिए बीते 18 अक्टूबर को ही आवेदन दिया था। तत्कालीन मुख्य पार्षद अरविद पासवान ने 23 अक्टूबर की सुबह साढ़े दस बजे उक्त आवेदन को नप ईओ को अग्रसारित करते हुए उप मुख्य पार्षद के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए विशेष बैठक बुलाने की अनुशंसा की थी। नप ईओ ने अगले माह पांच नवंबर को नप सभागार में दोपहर 12 विशेष बैठक की तिथि तय करते सभी वार्ड पार्षदों को सूचित कर दिया है। उन्होंने कहा है कि उप मुख्य पार्षद के विरुद्ध 12 वार्ड पार्षदों ने भ्रष्टाचार, मनमानेपन, पद का दुरुपयोग करने, न्यायालय एवं लोकायुक्त के वादों के जरिए नगर परिषद के विकास कार्यों को बाधित करने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी हो कि बीते 23 अक्टूबर को हुई शक्ति परीक्षण में नप मुख्य पार्षद अरविद पासवान को कुर्सी गंवानी पड़ी थी। अब उप मुख्य पार्षद के लिए दीपावली कैसी रहेगी इसका इंतजार है।

मिलावटी मिठाई से करें परहेज, कहीं बिगाड़ न दे सेहत यह भी पढ़ें

अन्य समाचार