छंटनी के विरोध में केंद्रीय विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने खोला मोर्चा



मोतिहारी । एसआइएस द्वारा कर्मियों के छंटनी के विरोध में शुक्रवार की देर संध्या भारतीय मजदूर संघ ने धरना प्रदर्शन किया। मामला 74 चतुर्थवर्गीय के छंटनी से जुड़ा है। धरना पर बैठे संगठन के जिला मंत्री अनीश कुमार ने बताया कि महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष व सचिव पूनम देवी ने मजदूर संघ को आवेदन देकर इस बाबत जानकारी दी थी। ये सभी कर्मी वर्ष 2016 से एसआइएस एजेंसी के मातहत विश्वविद्यालय में कार्यरत हैं। लेकिन अब एजेंसी द्वारा उन्हें हटाने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर एजेंसी अपने रवैये में बदलाव नहीं करती तो आगे वृहत आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से भी मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। कहा कि अगर कर्मियों की छंटनी की जाती है तो इसका जमकर प्रतिकार किया जाएगा। इसकी सारी जवाबदेही केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रबंधन की होगी। धरना पर उनके अलावा संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष विनय कुमार अन्य कर्मचारी नेता शामिल थे।

इनसेट
केविवि में सत्र 2021-22 के लिए प्रवेश में अधिकांश सीटें फुल
मोतिहारी : महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में सत्र 2021-22 के लिए विभिन्न विभागों में नामांकन प्रक्रिया सम्पन्न हुई। नामांकन प्रकिया के दौरान विभिन्न विभागों में निर्धारित सीटें भर गई तो दूसरी तरफ कुछ विभागों में नामांकन के उपरांत कुछ सीटें खाली हैं। प्रवेश समिति के सदस्य प्रो. पवनेश कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी पीएचडी में प्रवेश परीक्षा एवं साक्षात्कार के आधार पर जबकि परास्नातक एवं स्नातक में प्रवेश मेरिट के आधार पर निर्धारित है। लगभग सभी विषयों में स्नातक एवं परास्नातक में कुल 33 सीटें हैं, जिसमें 16 सीटें अनारक्षित श्रेणी के लिए, ओबीसी श्रेणी में 8 सीटें, अनुसूचित जाति के श्रेणी में 4 सीटें, अनुसूचित जनजाति के श्रेणी में 2 सीटें और आर्थिक पिछड़ा वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के श्रेणी में 3 सीटें हैं। वाणिज्य विभाग के परास्नातक कोर्स एम.कॉम में 33 में से 30 सीटें पूर्णत: फुल हो गई है। अनुसूचित जाति श्रेणी में 2 और अनुसूचित जनजाति श्रेणी में केवल 1 सीटें रिक्त है। वही स्नातक कोर्स बी.कॉम की सभी श्रेणी के 33 सीटें पूर्ण रूप से भर गई है। हिन्दी विभाग में पीजी के लिए 33 सीटों में से 15 सीटों पर नामांकन हुआ हैं। भौतिकी विभाग के एमएससी पाठ्यक्रम हेतु 33 सीटों में से 23 सीटों पर नामांकन संपन्न हुआ। गणित विभाग के परास्नातक पाठ्यक्रम के लिए 33 सीटों में से 24 सीटों पर नामांकन हुआ हैं। 9 सीटें शेष है। इसमें ओबीसी श्रेणी के 7 और अनुसूचित जाति के 2 सीटें सम्मिलित हैं। अंग्रेजी विभाग के परास्नातक पाठ्यक्रम के लिए 11 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। पीजी अर्थशास्त्र विषय के 33 सीटों में से 24 सीटों पर नामांकन हुआ हैं। प्रवेश समिति के संयोजक प्रो. संतोष त्रिपाठी ने बताया कि शेष सीटों पर नामांकन प्रक्रिया विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार विभाग संपादित करेगा।

अन्य समाचार