आज होगा मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन

जमुई। पहली जनवरी 2022 को आपकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो रही हो तो मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए तैयार हो जाएं। इसके लिए संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा चुनाव आयोग ने कर दी है। शेड्यूल के मुताबिक सोमवार को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन कर दिया जाएगा। उक्त तिथि से ही 30 नवंबर तक दावा आपत्ति दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का विशेष अभियान सात नवंबर से 21 नवंबर तक चलाए जाएंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के तहत दावा और आपत्तियों के निराकरण की तिथि 20 दिसंबर 2021 तक निर्धारित है। साथ ही पांच जनवरी 2022 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संक्षिप्त पुनरीक्षण अवधि में जिनकी आयु एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष पूरी हो रही हो अथवा छूटे हुए वैसे व्यक्ति जो मतदाता बनने की अहर्ता रखते हैं वह प्रपत्र छह में अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन अपने मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी या फिर निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय में 30 नवंबर से पूर्व जमा कर सकते हैं। इसके अलावा आनलाइन आवेदन का भी विकल्प खुला है। प्रकाशन की अवधि में वैसे निर्वाचक जो अपने निर्वाचन क्षेत्र से बाहर रहते हैं या फिर मृत्यु हो चुकी है, उनका नाम विलोपन के लिए प्रपत्र सात एवं प्रविष्टियों की शुद्धि के लिए प्रपत्र आठ में आवेदन दिया जा सकता है। इसके लिए प्रकाशन अवधि में बीएलओ के पास अद्यतन मतदाता सूची उपलब्ध रहेगा। वहां से निर्वाचक द्वारा मतदाता सूची का अवलोकन किया जा सकता है।

चकाई के 35 मतदान केंद्रों के स्थल परिवर्तन पर लगी आयोग की मुहर यह भी पढ़ें

अन्य समाचार