मां ने 22 माह के पुत्र की गला दबाकर कर दी हत्या, गिरफ्तार

समस्तीपुर। पूत कपूत हो सकते है जग में पर माता कभी कुमाता नहीं हो सकती। लेकिन कल्याणपुर में एक मां ने इस लोकोक्ति को ही गलत साबित कर दिया है। पति से झगड़े का बदला उसने अपने 22 माह के अबोध पुत्र की हत्या कर निकाला। वह महिला कितनी बेरहम थी कि गला दबाने के बाद भी वह बेपरवाह बनी रही। कल्याणपुर थाना के मिर्जापुर गांव वार्ड सात निवासी मिर्जापुर गांव के रंजेश सहनी की पत्नी सीमा देवी ने रविवार की रात अपने 22 महीने के पुत्र शेखर की गला दबाकर हत्या कर दी। पति की सूचना पर पहुंची थाने के एसआई ने हत्यारी मां को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी ओर उस मासूम के शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। इधर, सीमा के पति ने बताया कि वह हैदराबाद में मार्बल कंपनी में काम करता है। एक माह पहले ही घर आया था। घर आने के कुछ दिनों बाद से ही छोटी-मोटी बात को लेकर पत्नी विवाद करती रहती थी। रविवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के बाद वह चौक पर चला गया। लेकिन कुछ पल में ही लौट गया। लौटने पर देखा कि पत्नी बच्चे का गला दबा रही है। यह देख उसे छुड़ाने के लिए दौरा। बच्चे को उससे छुड़ाया भी लेकिन तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। रंजेश ने बताया कि 20 अक्टूबर को उसकी पुत्री अनामिका कुमारी की भी मौत हो गई थी। उस समय उसे लगा कि किसी बीमारी से उसकी मौत हो गई होगी पर अब उसे आशंका है कि उसकी भी हत्या कर दी गई थी। जबकि 2016 में उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद से ही वह बाहर ही रह रहा था।


अन्य समाचार