जमुई : बीडीओ और थानाध्यक्ष ने किया पांच दिवसीय गोशाला मेले का शुभारंभ

जमुई। चकाई बाजार स्थित नावा आहर के पास छठ पूजा के मौके पर आयोजित छठ पूजा महोत्सव सह गोशाला मेला का शुभारंभ बुधवार को चकाई बीडीओ दुर्गाशंकर एवं थानाध्यक्ष राजीव तिवारी ने संयुक्त रूप से मुख्य प्रवेश द्वार का फीता काटकर किया। तदुपरांत पदाधिकारियों ने मेला परिसर में घूमकर जायजा लिया। पदाधिकारियों ने विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमा का दर्शन किया। नावा आहर में स्थापित भागवान भास्कर की प्रतिमा के सामने माथा टेक कर क्षेत्र में सुख-शांति की कामना की।

मेला में लोगों के मनोरंजन के लिए मौजूद विभिन्न साधनों का भी मुआयना किया। बीडीओ ने कहा कि छठ लोक आस्था का महापर्व है। उन्हें छठ पूजा को नजदीक से देखने का मौका मिला है। थानाध्यक्ष ने कहा कि मेला के दौरान कोई परेशानी हो तो इसकी सूचना तुरंत प्रखंड प्रशासन एवं पुलिस-प्रशासन को दें। पुलिस-प्रशासन की ओर से पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की व्यवस्था रहेगी। पूजा समिति के पप्पू गुप्ता ने बताया कि गौशाला मेले में भगवान भास्कर सहित 22 देवी-देवताओं की प्रतिमा स्थापित की गई है। इसके साथ ही मेला में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए तारा माझी जिला कटोरिया ब्रेक, झूला, चाट, पकौड़ी एवं खेल-खिलौने की दुकानें लगाई गई हैं। इस मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष पप्पू गुप्ता, कन्हैया लाल गुप्ता, शंभू केशरी, पवन केशरी, बजरंगी गुप्ता, राजेश केशरी, संजय साह, श्रवण लहेरी, समाजसेवी जमुना वर्मा, संतोष केसरी, संजय शाह, सुरेश पोद्दार, अमरनाथ चौधरी, शंभू गुप्ता, सुमन गुप्ता आदि मौजूद थे। चकाई थानाध्यक्ष राजीव तिवारी ने बताया कि गौशाला मेले में विधि-व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड कृषि पदाधिकारी अशोक कुमार एवं पुलिस पदाधिकारी के रूप में जैनेंद्र कुमार को तैनात किया गया है।

अन्य समाचार