चकाई में चली परिवर्तन की आंधी, दिनेश ने बचाई निवर्तमान की लाज

- 23 पंचायत में सिर्फ दुलमपुर से निवर्तमान की हुई वापसी, दिनेश ने लगाया जीत का हैट्रिक

- जिला परिषद में गोविद चौधरी की हुई वापसी, दो को मिली हार
- चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच समाप्त हुई चकाई की मतगणना
- मतगणना की रही गहमागहमी, होटलों में भी लगा रहा जमघट
संवाद सहयोगी, जमुई : छठे चरण की मतगणना में परिवर्तन की आंधी चली। चकाई प्रखंड के 23 में से 22 पंचायतों में निवर्तमान मुखिया को करारी शिकस्त मिली। इकलौता दुलमपुर पंचायत में दिनेश यादव, मु. शाहनवाज को पछाड़कर जीत का हैट्रिक लगाने में कामयाब हुए। जिला परिषद के तीन में से दो क्षेत्र के लिए भी मतदाताओं ने बदलाव का बटन दबाया। हालांकि सरपंच और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में मतदाताओं ने थोड़ी उदारता दिखाई और कई निवर्तमान को सेवा का एक और मौका दिया है।

जिला परिषद क्षेत्र संख्या 20 से गोविद चौधरी फिर से जनता का विश्वास हासिल करने में कामयाब रहे। क्षेत्र संख्या 18 और 19 में निवर्तमान की हार हुई और क्रमश: सलोनी मुर्मू तथा राकेश पासवान ने जीत दर्ज कराई। चकाई में पहले परिणाम से ही बदलाव की बयार बहने लगी थी। 22 पंचायतों की मतगणना तक परिवर्तन का दौर जारी था। एक बार तो ऐसा लगा कि शायद विधानसभा चुनाव की तरह चकाई फिर इतिहास रचेगा, लेकिन सबसे आखिर में दुलमपुर का परिणाम आते ही उस पर विराम लगा। पहला परिणाम बोंगी पंचायत का आया। यहां से निवर्तमान मुखिया चंद्रमा हेंब्रम को 221 मतों से शिकस्त देकर सुखदेव मुर्मू निर्वाचित हो गए। बरमोरिया में सबिना हेंब्रम ने श्याम मूर्मू को 152 मतों से हराकर जीत हासिल किया है। पोझा पंचायत से बरमोरिया के पूर्व मुखिया मु अब्बास ने निवर्तमान मुखिया अवध किशोर शर्मा को परास्त कर दिया। अब्बास ने 609 मतों के अंतर से जीत हासिल की। पराची पंचायत में इलायची की महक पांच साल तक कायम रहेगी। रामचंद्रडीह पंचायत में मतदाताओं ने बुधो रजक पर कृपा बरसाई और तीसरी बार में प्रतिनिधित्व का मौका दिया। इसके पहले लगातार दो चुनाव में बुधो को हार का सामना करना पड़ा था। चकाई से अनीता देवी, बामदह से सुनील सोरेन, चौफला से अरुण कुमार तथा चंद्रमंडी से सुशीला देवी ने निवर्तमान मुखिया को परास्त कर चुनाव जीत लिया। ठाढ़ी से शांति मुर्मू निवर्तमान मुखिया पार्वती देवी को 182 मतों के अंतर से शांत कर दिया। रामसिंहडीह पंचायत से ओमप्रकाश पासवान ने कामदेव पासवान को पांच सौ से अधिक तथा कल्याणपुर से सुदामा देवी ने राजेंद्र मांझी को 161 मतों से शिकस्त दे दी। इसी प्रकार नावाडीह सिल्फरी में जानकी देवी, घुटवे में गीता देवी तथा माधोपुर में पंकज कुमार ने मतदाताओं का विश्वास हासिल कर लिया। कियाजोरी पंचायत में बेबी देवी का जादू चला तो फरियताडीह और डढ़वा में प्रमिला के नाम पर सर्वाधिक मतदाताओं ने ईवीएम का बटन दबाया। सरौन में धन बल पर जन बल भारी पड़ा और निवर्तमान अन्नू देवी को सुशीला देवी के हाथों करारी शिकस्त मिली। पेटरपहड़ी में मतदाताओं ने कविता के नाम कविता पाठ किया तो गजही में सूरजमल मुर्मू को विकास की रोशनी फैलाने की ताकत दे दी। नौवाडीह पंचायत में जनता के हाथों जनार्दन की हार तय हो गई और अनीता देवी ने 168 मतों से जीत हासिल कर ली।
---------
चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच हुई मतगणना
चकाई प्रखंड के 23 पंचायतों की मतगणना चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच संपन्न हो गई। जिले में सर्वाधिक पंचायत होने के कारण यहां की मतगणना के लिए जिला प्रशासन ने विशेष इंतजाम किया था। खासकर मुखिया पद के लिए टेबल की संख्या बढ़ा दी गई थी। नतीजतन 2:00 बजे से पहले ही मुखिया पद के सभी परिणाम सामने आ गए थे। मतगणना प्रक्रिया पर नजर बनाए रखने को लेकर जिला पदाधिकारी अवनीश कुमार सिंह एवं उप विकास आयुक्त आरिफ अहसन मतगणना केंद्र पर स्वयं डटे रहे। सुरक्षा व्यवस्था की जवाबदेही वरीय उप समाहर्ता स्वतंत्र कुमार तथा मुख्यालय डीएसपी अभिषेक कुमार सिंह संभालते दिखे।
--------
सर्वाधिक थी गहमागहमी
अब तक पंचायत चुनाव में मतगणना को लेकर शनिवार को शहर में सर्वाधिक गहमागहमी देखी गई। मतगणना केंद्र के नजदीक के होटलों में संबंधित प्रखंड क्षेत्र के नेताओं से लेकर प्रत्याशियों व उसके समर्थकों ने कमरा बुक करा रखा था और वहां परिणाम आने तक जमघट लगे होने के कारण गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
------
पंचायत- जीते - हारे- जीत का अंतर
बोंगी - सुखदेव मुर्मू (791)- चंद्रमा हेंब्रम (570) - 221
बरमोरिया- सबीना हेंब्रम (522) - श्याम मुर्मू (370 )- 152
पोझा- मु. अब्बास (1707)- अवध किशोर शर्मा (1098)- 609
परांची- इलायची देवी (1593)- सिमरन देवी (1393)- 200
रामचंद्रडीह- बुधो रजक (1670)- कामेश्वर दास (1372)- 298
चकाई- अनीता देवी (2324)- दीप्ति कुमारी (2113)- 211
बामदह- सुनील सोरेन (772)- विनोद क्रिस्टोफर मुर्मू (694)- 78
ठाढ़ी- शांति मुर्मू (1112)- पार्वती सोरेन (930)- 182
चौंफला- अरुण कुमार (1047)- भोला बास्के (675)- 372
चंद्रमंडी- सुशीला देवी (1843)- स्वीटी देवी (1788)- 55
रामसिंहडीह- ओम प्रकाश पासवान (1389)- कामदेव पासवान (886)- 503
कल्याणपुर- सुदामा देवी (682)- राजेंद्र मांझी (521)- 161
नावाडीह सिलफरी - जानकी देवी (1918)- सुनीता देवी (1013)- 905
घुटवे- गीता देवी (1924)- उर्मिला देवी (1288)- 736
डढवा- प्रमिला देवी (1676)- मुन्नी देवी (1270)- 406
माधोपुर- पंकज कुमार (1476)- संजय साव (1215)- 261
कियाजोरी- बेबी देवी (1784)- कालेश्वर यादव (1389)- 395
पेटरपहड़ी- कविता देवी (1335)- अनीता देवी (1045)- 290
फरियताडीह- प्रमिला देवी (2244)- अंजना देवी (1073)- 1171
सरौन- सुशीला देवी (2728)- अन्नू देवी (1759)- 969
गजही- सूरजमल मुर्मू (1510)- बबलू मुर्मू (1327)- 187
नौवाडीह- अनीता देवी (1080)- जनार्दन यादव (912)- 168
दुलमपुर- दिनेश यादव (1396)- मु. शाहनवाज (1203)- 193

अन्य समाचार