महिला की गला दबाकर हत्या, पति व सास गिरफ्तार

बगहा । थाना क्षेत्र के भावल गांव में एक महिला की गला दबाकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पति व सास को गिरफ्तार कर लिया है।मृतका संदीपा देवी (30) के भाई व सिकटा थाना क्षेत्र के लठियाही गांव निवासी बृजेश राम ने अपने आवेदन में मृतका के पति मुकेश राम, सास चंदा देवी व चचेरी सास किशनावती देवी को नामजद किया है।

बताया है कि बहन को बराबर प्रताड़ित किया जाता था। बुधवार की सुबह जब बहन के मौत की सूचना मिली तो उसके घर भावल आया। जहां उसका शव दरवाजे पर रखा हुआ था। उसके गले पर निशान है। आवेदक ने गला दबाकर हत्या की आशंका जताई है। इधर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति व सास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष कपूरनाथ शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

मृतका के भाई ने बताया है कि करीब 10 साल पहले बहन की शादी हुई थी। सबकुछ ठीक ठाक था। पर, इधर कुछ समय से उसकी बहन को पति व सास मिलकर बराबर प्रताड़ित करते थे। मारपीट व गाली गलौज आम बात है। करीब छह माह पहले भी मृतका के साथ आरोपितों ने मारपीट की थी। जिसकी सूचना मिलने पर भावल पहुंच कर इसका समझौता कराया गया। कुछ दिनों तक ठीक चला। पर, पंद्रह दिनों के बाद फिर से ऐसा ही हुआ। जिसके बाद बहन व भांजे, भांजी को अपने घर बुलाकर ले गएं। जहां बहन करीब तीन माह तक रही। जिसके बाद उसकी सास चंदा देवी व उसका भाई इसे भावल इस शर्त पर ले गए कि अब से ऐसा नहीं होगा। उल्लेखनीय है कि मृतका के ससुर का देहांत काफी पहले हो चुका है। वहीं उसे दो बेटी क्रमश: सात व चार साल के हैं। वहीं सबसे छोटा बेटा करीब तीन साल का है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बच्चों को नाना नानी के सुपूर्द कर दिया गया है।

अन्य समाचार