ठंड पर मतदाताओं का उत्साह पड़ा भारी

खगड़िया। गांव की सरकार चुनने में अलौली और मानसी प्रखंड के मतदाता बुधवार को आगे रहे। अपने वोट का प्रयोग करने को लेकर हर वर्ग के मतदाता उत्साहित दिखे। जोश व उत्साह सिर्फ इस बात को लेकर रहा कि चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर गांव की सरकार चुनना है। मतदान करने में युवाओं व नौजवानों के साथ महिलाएं भी पीछे नहीं रही। आठवें चरण में बुधवार को अलौली और मानसी प्रखंड की 13 पंचायतों में प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो गया। दोनों प्रखंडों में कुल 13 पंचायतों में 192 मतदान केंद्रों पर सुपर जोनल, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया था। पुलिस प्रशासन की सतर्कता के आगे मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी फैलाने वाले घरों में दुबके दिखे। पूर्वी ठाठा पंचायत की मतदाताओं ने यह साबित कर दिखाया कि अमन को लेकर गांव की सरकार चुननी है। जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष, एसपी अमितेश कुमार, सदर एसडीओ धर्मेंद्र कुमार और एसडीपीओ सुमित कुमार सहित जिले के वरीय अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का जायजा लिया। दोनों प्रखंडों में सुबह 7:00 बजे से ही वोटरों की लंबी कतारें देखने को मिली। महिला मतदाताओं की भागीदारी आठवें चरण में भी सर्वाधिक रही। अलौली प्रखंड में कुल 45,445 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 20,755 पुरुष और 24,690 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं मानसी प्रखंड में 28,535 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 14,067 पुरुष मतदाता और 14,468 महिला मतदाता शामिल हैं। बुधवार को भी महिला मतदाताओं ने गांव की सरकार चुनने में अहम भूमिका निभाई। पूर्वी ठाठा पंचायत की सुनीता देवी ने बताया कि सुबह जल्दी जल्दी घर का सारा काम निपटा कर वोट डालने बूथ पर पहुंच गई। दो घंटे कतार में लगने के बाद वे अपनी पसंद के उम्मीदवारों को वोट की। वहीं कतार में खड़ी रश्मि कुमारी ने कहा कि जो पंचायत व प्रखंड का कार्य करेगा उसी को वोट दिया गया है। हमें तो पंचायत की विकास कार्य से मतलब है।


अन्य समाचार