मतदान के दिन गोलीबारी मामले में प्राथमिकी दर्ज, निवर्तमान मुखिया पति समेत आठ नामजद

मधुबनी । बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के त्यौंथ गांव में मतदान के दिन बूथ के निकट गोली चलने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गोली लगने से जख्मी मुखिया प्रत्याशी के पति व पैक्स अध्यक्ष विवेक राय के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें निवर्तमान मुखिया अनिता देवी के पति जागेश्वर यादव समेत कुल आठ लोगों को नामजद किया है। फर्द बयान मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले का अनुसंधान शुरू कर दिया है। बता दें कि मतदान के दिन 29 नवंबर को त्योंथ पंचायत के एक बूथ के निकट गोली चलने की घटना सामने आई थी। गोली लगने से उस समय मुखिया प्रत्याशी झा जूली के पति व पैक्स अध्यक्ष विवेक राय जख्मी हो गए जिनका दरभंगा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद से ही गोली चलाने में निवर्तमान मुखिया के पति का नाम आ रहा था, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं होने के कारण पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही थी। इस बीच मतदान की मतगणना पूरी हो गई और त्योंथ पंचायत के मुखिया पद पर जख्मी विवेक राय की पत्नी झा जूली निर्वाचित घोषित हो चुकी है। इधर, जख्मी विवेक राय ने पुलिस को दिए फर्द बयान में जागेश्वर यादव के साथ ही धनंजय यादव, नागेश्वर यादव, सिघेश्वर यादव, नरेश यादव, पप्पू यादव, अभिषेक यादव, प्रिस यादव समेत कुल आठ लोगों को नामजद किया है। आरोप लगाया है कि चुनावी रंजिश के कारण इनलोगों ने जान से मारने की नियत से गोली चलाकर जख्मी कर दिया। बता दें कि इस घटना के विरोध में 30 नवम्बर को त्यौंथ पंचायत के लोगों ने सैकड़ों की संख्या में सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया था। इस दौरान लोहिया चौक दो घंटों तक जाम रहा था। प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।


अन्य समाचार