दहेज की खातिर कीटनाशक पिलाकर नव विवाहिता की हत्या

संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया): परबत्ता थाना क्षेत्र के माधवपुर गांव में एक नव विवाहिता की दहेज की खातिर कीटनाशक पिलाकर हत्या कर दी गई। मृतक महिला का नाम आरती देवी है। परबत्ता थानाध्यक्ष संजय कुमार विश्वास ने बताया कि आरती देवी को बीते दिनों गंभीर हालत में भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत बीते 28 नवंबर को हो गई। इस मामले में मृतिका की मां पूर्णिया जिले के रुपौहली थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा गांव की सुमीता देवी ने भागलपुर जिले के बरारी थाना पुलिस के समक्ष अपना फर्द बयान दर्ज कराया। फर्द बयान प्राप्त होने के बाद परबत्ता थाना में मामला दर्ज किया गया है। थाना अध्यक्ष संजय कुमार विश्वास ने बताया कि दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। सुमिता देवी ने अपने फर्द बयान में कहा है कि उन्होंने अपनी पुत्री आरती की शादी 10 जून 2020 को माधवपुर गांव के रंजीत सिंह उर्फ पागो सिंह के पुत्र प्रेम सिंह के साथ किया था। शादी के बाद से ही दामाद और उनके मां-बाप मेरी पुत्री पर दहेज के रूप में दो लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। दहेज नहीं देने पर इस बीच मेरी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। सुमिता देवी के अनुसार उनकी पुत्री की कीटनाशक पिलाकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पति प्रेम सिंह, ससुर रंजीत सिंह उर्फ पागो सिंह और सास को आरोपित किया गया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि मामला दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।


अन्य समाचार