शराब पर सख्ती के बाद गांजा-स्मैक की बढ़ी तस्करी

संसू, जोगबनी (अररिया): भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र सहित जिले में शराब तस्करी पर कार्रवाई बढ़ने के साथ ही गांजा व स्मैक की खपत व तस्करी बढ़ गई है। नशे की लत वाले जोखिम उठाने के बदले मादक पदार्थों के सेवन में लग गए हैं। यही कारण है कि खुली सीमा का फायदा उठाकर तस्कर इस काम में जुटे हुए हैं।

शराबबंदी का सख्ती से पालन होता देख नशे की लत वाले लोग अब शराब पीने का जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं। लोग नशीली कफ सिरप या फिर गांजा व स्मैक का प्रयोग धड़ल्ले से कर रहे हैं। यही कारण है कि हाल के दिनों में मादक पदार्थों की तस्करी में अप्रत्याशित वृद्धि देखी जा रही है। हाल के दिनों में भारत-नेपाल के सीमा सुरक्षाकर्मियों एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन की गिरफ्त में आए ड्रग्स तस्करों के पर्दाफाश से यह बात सामने आई कि बिहार में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन होने तथा शराबियों पर पुलिसिया कार्रवाई किए जाने के बाद अब लोग नशे के लिए किसी प्रकार का जोखिम नहीं उठा रहे हैं। आमगाछी एसएसबी ने बुधवार को सीमा के पास एक खेत से लावारिस स्थिति में दो बोरी में 18 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इस सबंध में आमगाछी बीओपी के प्रभारी ने बताया कि सीमा गश्ती पर से लौट रहे जवानों को गांजा खेत में मिला। उन्होंने कहा कि सीमा पर पूर्ण चौकसी दी जा रही है। शराबबंदी कानून का भी सख्ती से पालन होने के कारण मादक पदार्थों की तरफ नशे की लत वालों का झुकाव देखा जा रहा है। केस स्टडी-01

21 नवम्बर 2021 को सीमावर्ती नेपाल के मोरंग पुलिस ने भारतीय सीमा से सटे रंगेली से 16 किलोग्राम गांजा के साथ आटो सहित चालक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार चालक ने पुलिस को बताया कि उक्त सामान को भारतीय सीमा से सटे रंगेली सीमा तक पहुंचाना था। केस स्टडी-02
24 नवम्बर 2021 को नेपाल पुलिस ने सीमा से सटे झापा जिले में अलग-अलग जगहों से दो लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 5 ग्राम ब्राउन शुगर तथा पांच हजार पीस नशीली दवा बरामद किया है। केस स्टडी-03
2 दिसम्बर 2021 को जोगबनी पुलिस ने सूचना के आधार पर टिकुलिया से 590 बोतल कोडीनयुक्त कफ सीरप के साथ एक यूवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इसमें प्रयुक्त चार पहिया वाहन को भी जब्त किया है। कोट
शराब पर पुलिस सख्ती के साथ पैनी नजर रखी हुई है। पुलिस नशे के बदले पैटर्न मादक पदार्थ के सेवन पर भी नजर बनाई हैं। जिसका परिणाम देखने को मिला है।
आफताब अहमद, थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक, जोगबनी(अररिया)

अन्य समाचार