हर मोर्चे पर विफल है बिहार सरकार : रणविजय साहू

संस., लखीसराय : तैलिक साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष सह राजद विधायक रणविजय साहू ने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार हर मोर्चे पर विफल है। कमर तोड़ महंगाई से लोग टूट चुके हैं। खाद-बीज की कालाबाजारी से किसान परेशान हैं। शराबबंदी पूरी तरह फेल है। होम डिलीवरी जारी है। प्रदेश अध्यक्ष श्री साहू सोमवार को शहर के वार्ड नंबर 33 बौद्घ सर्किट स्थित तैलिक साहू समाज के जिलाध्यक्ष विनय कुमार साहू के आवास पर प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे। विधायक रणविजय साहू लखीसराय संगठन के जिलाध्यक्ष के यहां एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार और केंद्र में लंबे समय से डबल इंजन की सरकार है। इसके बावजूद भी बिहार को अभी तक विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला है। उन्होंने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी के सवाल पर लगातार अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। लेकिन डबल इंजन की सरकार की उदासीनता के चलते पढ़े-लिखे नौजवान बेरोजगारी का दंश झेलने को विवश हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। चिकित्सकों और कर्मियों की कमी है। बिहार विधानसभा सभा परिसर में शराब की बोतल मिलना सरकार और सरकारी महकमे की पोल खोलने के लिए काफी है। इस मौके पर लखीसराय विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी सह राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के लखीसराय जिलाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद साहू, तैलिक साहू समाज के युवा जिलाध्यक्ष रौशन कुमार, प्रधान महासचिव उमेश कुमार साहू, पूर्व मुखिया नंद कुमार प्रसाद, रंजीत सम्राट, शंकर मंडल एवं दीनानाथ यादव मौजूद थे।


अन्य समाचार