धीरे-धीरे बढ़ा ठंड का प्रकोप, जन जीवन होने लगी प्रभावित

संसू.,बड़हिया (लखीसराय)। बड़हिया प्रखंड एवं नगर क्षेत्र में पिछले चार-पांच दिनों से ठंड बढ़ गई है। लोगों को ठंड से बचाने के लिए प्रशासन की तरफ से किए जाने वाले इंतजाम का अभी इंतजार है। प्रशासन की तरफ से अभी ठंड से बचाव के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया है।

असहाय लोगों के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। इस कारण रेलवे स्टेशन सहित अन्य कई जगहों पर लोग ठिठुरते देखे जाते हैं। बड़हिया नगर प्रशासन की तरफ से कंबल वितरण की भी व्यवस्था अभी तक नहीं की गई है। पिछले वर्ष भी आधा से अधिक ठंड बीत जाने के बाद ही नगर पंचायत ने लोगों के बीच कंबल वितरण किया था। रात के समय बिना अलाव के सार्वजनिक स्थानों पर लोग ठिठुर रहे हैं। कई स्थानों पर लोग पालीथीन और कूड़ा आदि जलाकर राहत पाते देखे गए। नगर एवं प्रखंड में सूर्य का दर्शन तो होता है लेकिन धूप में गर्मी नहीं रहने के कारण दिनभर ठंड रहती है। ठंड के कारण लोगों को इस मौसम में जीवन-यापन करना मुश्किल हो गया है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री तक पहुंच गया। इस मौसम से गेहूं व सरसों की फसल को फायदा है। ठंड से बचने के लिए गरीब असहाय लोग अलाव सेंक कर ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी अगले तीन-चार दिनों तक लोगों को ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। ठंड के चलते लोग घरों से नहीं निकलते हैं। शाम होते ही ठंड के कारण लोग घरों में दुबक जाते हैं। इस संबंध में बड़हिया नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि अभी तक जिला प्रशासन से कोई दिशा निर्देश नहीं आया है। जिला से निर्देश मिलने पर नगर के सभी सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की जाएगी। वहीं गरीब असहाय लोगों के लिए जल्द ही कंबल वितरण किया जाएगा।
अवकाश से लौटे डीएम, पदाधिकारियों की लगाई क्लास यह भी पढ़ें

अन्य समाचार