पैक्स का 90 किलोमीटर दूर राइस मिल से हुआ टैग

संवाद सूत्र, झाझा(जमुई): धान अधिप्राप्ति में प्रखंड के पैक्स को जिस मिल से जोड़ा गया है उसकी दूरी 90 किलोमीटर है। उससे पैक्स अध्यक्षों में आक्रोश व्याप्त है। रविवार को शहर के यक्षराज स्थान में प्रखंड के पैक्स अध्यक्षों ने ब्रह्मादेव मंडल की अध्यक्षता में बैठक की। इसमें अध्यक्षों ने धान अधिप्राप्ति में आ रही परेशानियों पर चर्चा करते हुए एक मांग पत्र जिलाधिकारी को देने का निर्णय लिया।

अध्यक्षों ने कहा कि प्रखंड के सभी पैक्स का धान अधिप्राप्ति के लिए जिस मिल से जोड़ा गया है वो जिले के अंतिम छोर में स्थित है। जिसके परिवहन पर काफी खर्च आएगा। समिति को आर्थिक क्षति होने की संभावना है। पैक्स से मिल की दूरी 80 से 90 किलोमीटर है। देवघर इंडस्ट्रीज प्रा लि राईस मिल जमुई के सतगामा में स्थित है। बरहट प्रखंड के पैक्स की दूरी उस मिल से कम है फिर भी मात्र एक से दो पैक्स को ही उक्त मील से जोड़ा गया है। बाकी अन्य पैक्स को दूसरे से जोड़ दिया गया है जिससे प्रतीत हो रहा है कि धान अधिप्राप्ति की मंशा साफ नहीं है। सरकार के आदेशानुसार 60 प्रतिशत उसना एवं 40 प्रतिशत अरवा चावल मील के साथ टैगिग करने का प्रविधान है। प्रखंड के बीस पैक्स तथा व्यापार मंडल है जिसमें से मात्र दो पैक्स को छोड़ कर शेष 19 को उसना राइस मिल के साथ टैग कर दिया है जो नियम के विरुद्ध है। पैक्स अध्यक्षों ने मांग किया कि सोनो, गिद्धौर एवं खैरा प्रखंड के दाबिल मिल के साथ इस प्रखंड के पैक्स को टैग कर दिया जाए। हमलोगों को सुचारू रूप से काम करने में सुविधा होगी। सभी पैक्स की दाबिल मिल से दूरी 30 से 35 किलोमीटर पड़ेगी। कुछ पैक्स को 10 से 15 किलोमीटर की दूरी होगी। इस मौके पर विजय कुमार, राजेश कुमार यादव, हरि यादव, धर्मदेव यादव, बच्चू यादव, विरेंद्र यादव, अशोक कुमार, बेबी भारती आदि पैक्स अध्यक्ष उपस्थित थे।

अन्य समाचार