प्रमुख और उपप्रमुख के चुनाव को लेकर शुरू हो गई गतिविधि

समस्तीपुर। नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण और प्रमुख, उप प्रमुख, उप मुखिया एवं उप सरपंच के चुनाव की तिथि निर्धारित होते ही इन पदों के लिए चुनाव लड़ने वाले दावेदारों की गतिविधि तेज हो गई है। पंचायतों में वार्ड सदस्यों व पंचों को अपने-अपने पक्षों में वोट डालने के लिए दावेदार ताबड़तोड़ कोशिश में जुट गए हैं। वहीं प्रमुख और उप प्रमुख के चुनाव लड़ने वाले सदस्यों ने भी अपने पक्ष में गोलबंदी शुरू कर दी गई है। इस पद के लिए निवर्तमान प्रमुख रिकी कुमारी के अलावा चांदचौर करिहारा पंचायत की रंजू कुमारी, परोरिया की कंचन देवी की चर्चा हो रही है। जबकि उप प्रमुख पद के लिए राजद प्रखंड अध्यक्ष महिसारी पंचायत के प्रमोद राय एवं देवेंद्र राय, चांदचौर मध्य के हरि बल्लभ प्रसाद, लोहागीर के चंदन कुमार, भगवानपुर देसुआ के सूर्य राय, निकसपुर की वीणा देवी, विरनामा तुला के राम उदे्श्य राय, हरपुर रेवाड़ी के मो अनवर, भगवानपुर कमला के विजय कुमार राय के दावेदारी की चर्चा भी हो रही है। प्रखंड में पंचायत समिति सदस्यों की संख्या 38 है। कल्याणपुर में भी प्रमुख और उपप्रमुख बनने की होड़


कल्याणपुर,संस : प्रखंड क्षेत्र के 29 पंचायतों में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से उप मुखिया, उप प्रमुख प्रमुख बनने के लिए उम्मीदवारों की होड़ मची है। प्रमुख पद पर दावेदारी सबसे ज्यादा दिख रही है। इसके बाद उपप्रमुख पद के लिए दावेदार हैं। इस बार ज्यादा संख्या में पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्य नए चुनकर आए हैं। 29 पंचायतों में उप मुखिया और उपसरपंच के चुनाव को लेकर भी दोवदारी शुरू हो गई है। अपने पक्ष में करने के लिए सदस्यों को गोलबंद किया जा रहा है। सैर पर गए पंचायत समिति सदस्य, चुनाव के ठीक पहले पहुंचेगे
खानपुर,संस : इस बार प्रखंड प्रमुख ओर उप प्रमुख बनने के लिए अभी से ही जोर-तोड़ शुरू हो गई है। वर्तमान प्रखंड प्रमुख पूर्व मंत्री पितांबर पासवान की पतोहु विधवा अर्चना देवी हैं। वह भी इस बार प्रमुख पद की प्रबल दावेदार हैं। वहीं दूसरी ओर पहली बार जीते विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी के पुत्र सन्नी हजारी के भी प्रमुख पद के दावेदार होने की बात कही जा रही है। इसके कारण यहां प्रमुख पद को लेकर काफी गहमागहमी होने वाली है। वैसे बताया जा रहा है कि अधिकांश पंचायत समिति सदस्य इन दिनों सैर करने के लिए गए हैं। कौन ले गया है, यह किसी को पता नहीं। वैेसे कहा जा रहा है कि चुनाव के एक दिन पहले सभी पहुंचेंगे। बतादें कि 24 सदस्यीय पंचायत समिति के लिए 13 सदस्यों का पक्ष में होना आवश्यक है।
सिघिया में प्रमुख से ज्यादा उपप्रमुख के लिए मारामारी
सिघिया,संस : सिघिया प्रखंड में भी प्रमुख और उपप्रमुख पद के लिए जोर-तोड़ शरू हो गई है। प्रमुख के लिए अब तक तीन नाम सामने आए हैं, वहीं उपप्रमुख के लिए आधा दर्जन प्रत्याशी रेस में हैं। उप प्रमुख के लिए बगरहट्टा की रिकू सिंह, लिलहॉल की चंदा देवी, निवर्तमान उपप्रमुख रोशन सिंह की पत्नी अंशु सिंह समेत अन्य शामिल हैं। यहां 20 पंचायत समिति सदस्यों के बीच चुनाव कराया जाना है।

अन्य समाचार