पंचायत सरकार गठन की घोषणा से सरगर्मी बढ़ी

संसू, रेणुग्राम (अररिया): जिले में पंचायत चुनाव एवं मतगणना के संपन्न होने के करीब एक दस दिन बाद जिले से लेकर गांव तक पंचायत सरकार गठन की घोषणा से सरगर्मी तेज हो गई है।राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी सूचना से गांव में उप मुखिया, उप सरपंच,प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, जिला परिषद अध्यक्ष एवं जिप उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर नव निर्वाचित सदस्यों में चहलकदमी काफी तेज हो गई हैं। पंचायत के विभिन्न वार्डो में नव निर्वाचित वार्ड सदस्यों, ग्राम कचहरी पांचों,पंचायत समिति सदस्यों एवं जिला परिषद सदस्यों का जोड़ तोड़ की प्रक्रिया में तेजी आ गई है। ग्राम पंचायत में जहां वार्ड सदस्य उप मुखिया के गठन में लामबंदी चल रही है। वहीं उप सरपंच पद का भी यही हाल है। प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख के लिए पंचायत समिति सदस्यों से संपर्क की प्रक्रिया चल रही है।यही हाल जिला परिषद अध्यक्ष के पद के लिए बना हुआ है। जिप अध्यक्ष के संभावित प्रत्याशियों द्वारा जिप सदस्यों को अपने अपने पक्ष में किए जाने की भरसक प्रयास चल रहा है।हालांकि सूत्रों की माने तो जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख के लिए नव निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों की खेमेबाजी काफी पहले से शुरु हो गई है। सभी खेमे के सदस्यों का ग्रुप सैर सपाटों में है। किसी गुट के सदस्य नेपाल में हिमालय की वादियों में तो कोई दल बंगाल की हवा का आनंद ले रहे है। राजनीतिक जानकारों से मिली सूचना से फारबिसगंज प्रखंड में प्रमुख पद के लिए दो लोगों की दावेदारी प्रमुखता से सामने आ रही है। दोनों गुटों की अपनी पुख्ता दावेदारी भी है। वहीं जिला परिषद के अध्यक्षा के ताज के लिए भी कई दावेदार सामने आ रहे है। सभी दावेदार नव निर्वाचित जिप सदस्यों को अपने अपने पाले में करने हेतु जुगत भिड़ा रहे है। जिप अध्यक्ष पद के कई दावेदार ऐसे भी है जो अपने अपने राजनीतिक आका के सहारे नाव पार करने के फिराक में है। लोग बाग में नए जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख, उप प्रमुख को लेकर जिज्ञासा बढ़ी हुई है। किसके सर गांव की सरकार का ताज होगा। कौन जिप अध्यक्ष होगा,किसके सर प्रखंड प्रमुख की जिम्मेदारी मिलेगी। इसको लेकर चर्चाओं के दौर में अटकलों का बाजार भी गर्म है। जो भी हो पर अगले आठ दस दिनों में सबकुछ स्पष्ट हो जायेगा।

उग्रतारा मंदिर से शुरू की जाएगी दूसरे चरण की लड़ाई यह भी पढ़ें

अन्य समाचार