चौथम में पंचायत प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण 24 से

संवाद सूत्र, चौथम (खगड़िया)। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सभी 13 पंचायतों की नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य व पंच का शपथ ग्रहण समारोह 24 दिसंबर से प्रखंड कार्यालय परिसर में होगा। उक्त जानकारी देते हुए बीडीओ उषा कुमारी ने बताया कि मुखिया व वार्ड सदस्यों को बीडीओ और सरपंच व पंच को सीओ भरत भूषण सिंह शपथ दिलाएंगे। बीडीओ ने बताया कि बुच्चा, सरसवा, ठुठ्ठी मोहनपुर पंचायत के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण 24 दिसंबर को सुबह नौ बजे से तीन बजे अपराह्न तक होगा। रोहियार, हरदिया व धुतौली पंचायत के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण 27 दिसंबर को नौ बजे सुबह से तीन बजे अपराह्न तक होगा। नीरपुर, तेलौंछ व पिपरा पंचायत के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण 28 दिसंबर को सुबह नौ बजे से तीन बजे अपराह्न तक होगा। चौथम, पश्चिम बौरने व मध्य बौरने पंचायत के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण 29 दिसंबर को सुबह नौ बजे से तीन बजे अपराह्न तक होगा। 30 दिसंबर को पूर्वी बौरने पंचायत के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण होगा।बीडीओ ने बताया कि सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को इसकी सूचना दी जा रही है। प्रमुख और उपप्रमुख पद पर है नजर


संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया): पंचायत चुनाव में निर्वाचित प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण को लेकर प्रशासनिक तैयारी शुरू है। साथ ही प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख पद के लिए भी सरगर्मी तेज हो गई है। ज्यों-ज्यों तिथि नजदीक आ रही है त्यों- त्यों इसको लेकर चहलकदमी बढ़ गई है। परबत्ता प्रखंड प्रमुख का पद अनारक्षित अन्य है। यहां कुल 27 पंचायत समिति निर्वाचित हुए हैं। नव निर्वाचित पंसस के बीच प्रखंड प्रमुख की कुर्सी को लेकर कवायद तेज है। प्रखंड प्रमुख पद की दावेदारी के लिए तीन पंचायत समिति सदस्य की चर्चा है। प्रखंड प्रमुख के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की नजरें भी लगी हुई है। हर राजनीतिक दल अपने दल से जुड़े पंसस को प्रखंड प्रमुख देखना चाहते हैं। जिसके लिए गुना-भाग जारी है। वहीं उपप्रमुख पद के लिए भी तीन पंचायत समिति सदस्य दिन- रात एक किए हुए हैं। इधर विभिन्न पंचायतों में उपमुखिया और उपसरपंच पद के लिए भी जोड़-तोड़ शुरू है। बताते चलें कि 2001 में प्रमुख अखिलेश सिंह व उपप्रमुख प्रो. नवीन यादव, 2006 में प्रमुख विनिता देवी व उपप्रमुख नागेश्वर मेहता चुने गए। 2011 में प्रमुख सुनिता देवी व गायत्री देवी रहे। जबकि उप प्रमुख फिरोज आलम रहे थे। जबकि 2016 में प्रमुख पद पर धनंजय सिंह काबिज हुए। उपप्रमुख पद पर निरंजन यादव चुने गए। अब इस बार प्रमुख और उप प्रमुख का ताज किसके सर जाएगा यह तो समय ही बताएगा।

अन्य समाचार