प्रखंड प्रमुख और उप मुखिया पद के लिए श्रीनगर प्रखंड क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमाया

संस,श्रीनगर (पूर्णिया)। प्रखंड स्तर पर पंचायत प्रतिनिधियों के लिए सबसे पावरफूल माने जाने वाले प्रमुख एवं पंचायतों में उप मुखिया के पद को लेकर जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू हो गई है। नवनिर्वाचित पंचायत समिति एवं वार्ड सदस्य इस पद को हासिल करने के लिए अपना दावा काफी मजबूती के साथ पेश कर रहे हैं। बताया जाता है कि दोनों पदों के निर्वाचित जनप्रतिनिधि परिस्थितियों पर काफी बारिकी से निगाह गड़ाए हुए हैं। अभी खुलकर कोई भी सामने नहीं आ रहा है। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो प्रमुख की रेस में अभी एक ही नाम चर्चा में चल रहे हैं, जबकि उप मुखिया को लेकर पंचायतों में कई वार्ड सदस्य दावे पेश कर रहे हैं।


आंकड़ा जुटाने में लगे दोनों पद के सदस्य -
प्रखंड के 9 पंचायत में पंचायत समिति सदस्य के कुल 12 पद हैं। इनमें प्रखंड प्रमुख का पद हासिल करने के लिए दावेदारों को 7 समिति सदस्यों का समर्थन हासिल करना जरूरी है। इस बार का परिणाम अनुमान से काफी भिन्न आया है। पंचायत समिति के कई पुराने सुरमा बदलाव की आंधी में अपना पद गंवा बैठे। वहीं वार्ड सदस्यों में कई पुराने चेहरे शिकस्त खा गए। सिर्फ नए सदस्यों पर जनता ने भरोसा जताया। देखा जाए तो उप मुखिया के पद को लेकर पंचायतों में भी शह-मात का खेल पिछले सात दिनों से चल रहा है। कई दावेदार इस पद को हासिल करने के लिए रणनीति बनाने में लगे हुए हैं। सूत्रों की मानें तो प्रमुख के पद की तरह उप मुखिया के पद के लिए भी पंचायतों में धनबल और बाहुबल का प्रयोग हो रहा है। बहरहाल, दोनों पदों के चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने तारीखों की घोषणा कर दी है। परन्तु, संख्या बल जुटाने में दोनों खेमा जी-जान से जुटा हुआ है।

अन्य समाचार