दिनभर आसमान में छाए रहे बादल, ठंड का बढ़ा प्रकोप

संवाद सहयोगी, किशनगंज : कई दिनों से लगातार धीरे-धीरे ठंड के बढ़ते प्रकोप के कारण लोग अब घरों में रहने को मजबूर होने लगे हैं। आम दिनों में जिन सड़कों पर सुबह लोगों की चहल पहल देखने को मिलती थी। वहीं अब ठंड के कारण कम लोग ही नजर आते है। हालांकि सुबह ठंड के बाद दोपहर धूप निकलने से लोग राहत की सांस तो लेते थे लेकिन शनिवार को आसमान में बादल छाए रहे। धीरे-धीरे धूप के गर्मी में कमी आ रही है।

शाम होते ही सूरज ढ़लने के साथ लोगों को तेज ठंड का एहसास होने लगता है। अब लोग अपने घरों से निकलने से पहले गर्म कपड़ा व माथे पर गर्म टोपी पहल ही घरों निकलते नजर आते है। जहां चौक-चोराहों पर लोगों की भीड़ जमती थी। वहीं अब इक्का दुक्का लोग ही नजर आते है। ठंड के कारण अब कई घरों में लोग ठंड से बचने के लिए सुबह अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश करते नजर आते है। पूस माह के आधा बीतने के साथ ही कंपकंपाती ठंड से लोग सहमे है। वहीं लोग ठंड के बढ़ते प्रकोप को देख अब और ठंड के बढ़ने की अंदेशा लगा रहे है।

नगर परिषद को नहीं मिला कोई ठंड बचाव के लिए आवंदन::
ठंड के मौसम में शहरी क्षेत्र में अलाव एवं गर्म कपड़ा व कंबल वितरण के लिए नगर परिषद को कोई फंड नहीं मिला है। इस कारण शहरी क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है और चौक-चौराहे पर स्थानीय लोग अपनी ओर से लकड़ी इकट्ठा कर अलाव ताप रहे हैं। नगर परिषद प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि अब तक कोई आवंटन नहीं मिला है। जिसके कारण लोगों को किसी तरह मदद मुहैया नहीं करवाई जा रही है। लेकिन ठंड के बढ़ते प्रकोप को देख दो तीन दिनों के अंदर ही शहर के सभी चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था कराई जाएगी और गरीब व जरूरतमंद परिवारों को कंबल उपलब्ध करवाया जाएगा।

अन्य समाचार