लाटरी से सरुणा बनीं बिलोरी की उपमुखिया, खगौर में पूनम देवी की जीत

जागरण टीम, लखीसराय : जिले के सभी प्रखंडों में पंचायतवार निर्वाचित प्रतिनिधियों का शपथ और उपमुखिया के साथ उपसरपंच का चुनाव कराया जा रहा है। बुधवार को पिपरिया प्रखंड मुख्यालय स्थित मध्य विद्यालय मोहनपुर में बीडीओ विवेक रंजन की देखरेख में सैदपुरा पंचायत का चुनाव कराया गया। इसमें उप मुखिया पद के लिए रूबी देवी और प्रेम कुमार ने नामांकन दाखिल किया। मतदान प्रक्रिया के बाद हुई मतगणना में रूबी देवी को 10 मत और प्रेम कुमार को एक मत प्राप्त हुए। एक मत रद किया गया। बीडीओ ने रूबी देवी को उप मुखिया निर्वाचित घोषित किया। उपसरपंच पद पर अंजू देवी निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गई। लखीसराय प्रखंड मुख्यालय स्थित संयुक्त भवन में बीडीओ नीरज कुमार रंजन की देखरेख में बिलोरी और खगौर पंचायत का चुनाव कराया गया। बिलोरी पंचायत में उप मुखिया पद के लिए सरुणा देवी और उदय महतो ने नामांकन दाखिल किया। दोनों को सात-सात मत प्राप्त हुए। इसके बाद लाटरी के माध्यम से सरुणा देवी को उपमुखिया पद पर निर्वाचित घोषित किया गया। उप सरपंच पद के लिए बेबी देवी और रूबी देवी ने नामांकन दाखिल किया। इसमें बेबी देवी को सात मत और रूबी देवी को चार मत प्राप्त हुए। तीन मत रद किया गया। बीडीओ ने बेबी देवी को उपसरपंच पद पर निर्वाचित घोषित किया। खगौर पंचायत में उप मुखिया पद पर अनीता देवी और पूनम देवी ने नामांकन दाखिल किया। अनीता देवी को मात्र एक मत प्राप्त हुए। जबकि पूनम देवी को 11 मत प्राप्त हुए। दो मत रद हुआ। पूनम देवी उप मुखिया पद पर निर्वाचित घोषित की गई। उप सरपंच पद के लिए सविता देवी को सात मत प्राप्त हुए और विनोद कुमार को चार मत मिले। दो मत रद हुआ। उपसरपंच पद पर सबिता देवी निर्वाचित घोषित की गई। सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र देकर बीडीओ ने शपथ दिलाई।


---
मोहम्मदपुर पंचायत की निर्विरोध उप मुखिया बनी काजल देवी सूर्यगढ़ा : सूर्यगढ़ा प्रखंड में मोहम्मदपुर, लोशघानी तथा खावा राजपुर पंचायत के नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई गई। इसके बाद उप मुखिया एवं उप सरपंच का चुनाव कराया गया। इसमें मोहम्मदपुर पंचायत के उप मुखिया पद से काजल देवी निर्विरोध निर्वाचित हुई। इसके बाद उप सरपंच पद पर नीलम देवी निर्वाचित लोशघानी पंचायत में उप मुखिया पद पर रामविलास मंडल तथा उप सरपंच पद पर लोकेश साव निर्वाचित हुए। खावा राजपुर पंचायत में उपमुखिया पद पर सरिता कुमारी तथा उप सरपंच पद पर सुमित्रा देवी निर्वाचित हुई।
---
नंदनामा पंचायत में मनीष कुमार निर्विरोध बने उप मुखिया रामगढ़ चौक : रामगढ़ चौक प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरसी भवन में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी सुरेंद्र प्रसाद शर्मा की देखरेख में बिल्लो एवं नंदनामा पंचायत के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई गई एवं उप मुखिया एवं उप सरपंच का चुनाव कराया गया। बिल्लो से उप मुखिया पद पर बिकर सावने शैलेश कुमार पांडेय को चार मत से पराजित कर दिया। उप सरपंच पद पर गौरी देवी एवं सहदेव पासवान बराबर मत मिले। इसे बाद लाटरी से गौरी देवी विजयी हुई। नंदनामा पंचायत में उप मुखिया पद पर मनीष कुमार का निर्विरोध चयन हुआ। उपसरपंच पद पर सियाराम महतो को सात मत जबकि रिकू देवी को छह मत मिला। एक मत को रद किया गया। इस तरह एक मत से सियाराम महतो विजयी हुए।
--- कैंदी की उप मुखिया बनी बबिता, उप सरपंच बने अमीरक हलसी : हलसी प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार भवन में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी विभु विवेक ने प्रखंड के कैंदी एवं प्रतापपुर पंचायत के निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई। कैंदी पंचायत उप मुखिया पद के चुनाव में 15 वार्ड सदस्यों में से 11 ने बबिता देवी के पक्ष में एवं चिटू कुमार के पक्ष में चार सदस्यों ने वोट किया। बबिता देवी को उप मुखिया पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया। उप सरपंच पद के लिए सुलेन्द्र मांझी को अमीरक पासवान ने पराजित किया। प्रतापपुर पंचायत से रविन्द्र कुमार निर्विरोध उप मुखिया बने। जबकि कुशेश्वर महतो, सुमित्रा देवी एवं रामपरी देवी ने उप सरपंच पद के नामांकन का पर्चा दाखिल किया। कुशेश्वर महतो आठ मत हासिल करके उप सरपंच बने। ---
संग्रामपुर पंचायत की निर्विरोध उप मुखिया बनीं संजू देवी चानन : प्रखंड कार्यालय के बीडीओ कक्ष में इटौन व संग्रामपुर पंचायत के नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई गई। बीडीओ विनोद कुमार सिंह व दंडाधिकारी वरीय उपसमाहर्ता सुश्री हीना की उपस्थिति में चुनाव कराया गया। इटौन पंचायत के उप मुखिया इन्द्रदेव राम चुने गए। संग्रामपुर पंचायत की उपमुखिया संजू देवी निर्विरोध चुनी गई। उप सरपंच पद का लिए हुए चुनाव में इटौन के उप सरपंच गणेश राय एवं संग्रामपुर के उप सरपंच आशुतोष कुमार चुने गए हैं।

अन्य समाचार