केंद्र के सहयोग से बिहार बन रहा है आत्मनिर्भर : मृत्युंजय झा

संवाद सूत्र, सोनो(जमुई): बिहार सरकार के प्रयास और केंद्र द्वारा आर्थिक पैकेज की सहायता से बिहार अब आत्मनिर्भर बनने की ओर चल पड़ा है। उक्त बातें भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी मृत्युंजय झा एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विकास प्रसाद सिंह सोनो के औरैया गांव मे संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान कही। नेताद्वय ने आगे कहा कि बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, वित्त विभाग के साथ ही नगर आवास एवं विकास विभाग के मंत्री रहते हुए लगातार शहरों की सुंदरता और उसके विकास पर काम कर रहे हैं और इसका अच्छा परिणाम देखने को मिल रहा है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बहुत अच्छा काम पिछले एक साल में हुआ है। पिछले कुछ दिनों में बिहार में जिस तरह से उद्योग लगाने के प्रयास सरकार द्वारा किए गए, सड़क, बिजली पानी के क्षेत्र में जो उल्लेखनीय काम किए जा रहे हैं और किए गए हैं, इन सभी कार्यों को देखते हुए लगता है कि अब बिहार निश्चित रूप से जल्द ही आत्मनिर्भर बन जाएगा। उद्योग मंत्री सैयद शहनवाज हुसैन दिन रात परिश्रम कर रहे है और उनका परिश्रम रंग ला रहा है। बिहार में इस साल मार्च में दो कंपनियों में उत्पादन भी शुरू हो जाएगा। भाजपा नेता विकास प्रसाद सिंह ने बताया कि बिहार में स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी दुनिया के सबसे बड़े अस्पताल का काम तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही एम्स और सभी जिलों में नए पीएचसी का भी निर्माण कार्य हो रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बिहार आत्मनिर्भर बनने की ओर है। शिक्षा के क्षेत्र में भी इंजीनियरिग कालेज आईआईटी, आईटीआई जैसे नए संस्थानों पर भी काम हो रहा है। केंद्र सरकार द्वारा हर प्रकार से आर्थिक मदद लगातार बिहार सरकार को मिल रही है। नए पुल, सड़क का निर्माण तेजी से हो रहा है। जेपी सेतु के समानांतर गंगा पर एक और पुल बनाने का प्रस्ताव पास हो गया है। इस तरह से बिहार लगातार तेजी से आत्मनिर्भर बनने की ओर चल पड़ा है। प्रेस वार्ता में इनके अलावे भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बालमुकुंद सिंह, उदय नारायण सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य योगेंद्र पासवान, पंचायती राज प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र सिंह, छोटू कुमार, प्रवीण दुबे आदि मौजूद थे।


अन्य समाचार