ठंड के बीच चमकेगा सूरज, नव वर्ष का जश्न मनाने वालों को मिलेगी राहत

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। नए साल के स्वागत में इस बार मौसम भी साथ देगा। साफ मौसम नए साल का जश्न मनाने वालों का उत्साह बढ़ाएगी। नए साल के पहले दिन ठंड तो रहेगी लेकिन दिन में सूरज चमकेगा जो जश्न मनाने वालों को राहत दिलाएगा।

पूर्णिया मौसम केंद्र के अनुसार एक जनवरी को ठंड में थोड़ी वृद्धि जरूर होगी, लेकिन यह 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक ही रहेगा। लेकिन थोड़ी देर से सही लेकिन सूरज चमकेगा जिससे मौसम अनुकूल बना रहेगा। हालांकि शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में गिरावट आई है। पूर्णिया मौसम केंद्र द्वारा शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो गुरुवार की तुलना में करीब तीन डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो गुरुवार की तुलना में लगभग एक डिग्री कम है। मौसम केंद्र के राकेश कुमार ने बताया कि शनिवार को ठंड में थोड़ी और वृद्धि होने की संभावना है। सुबह में कुहासा छाया रहेगा लेकिन 10 बजे तक सूरज के दर्शन हो सकेंगे। हवा की रफ्तार थोड़ी कम रहने की उम्मीद है।
मेची नदी लिक परियोजना निर्माण को ले विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र यह भी पढ़ें
जम्मू की तरफ से आ रही हवा बढ़ा रही ठंड
अफगानिस्तान और जम्मू-कश्मीर होकर आ रही सर्द हवाओं ने सीमांचल में ठंड बढ़ा दी है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से लगातार तापमान गिर रहा है तथा कनकनी बढ रही है। शुक्रवार को भी सुबह में चली तेज हवा ने ठंड बढ़ा दी। लोग सुबह में देर तक गर्म कपड़ों में दुबके रहने को विवश हो गए। सुबह में कुहासा छाया लेकिन तेज हवा की वजह से उसका असर जल्द ही खत्म हो गया। दिन के 10 बजे के बाद आसमान में सूरज चमका जिससे लोगों को राहत मिली। हालांकि धूप में गर्मी अधिक नहीं थी बावजूद लोगों को कनकनी से थोड़ी राहत मिली।
आज दिन में खुशनुमा रहेगा मौसम
वहीं शनिवार को भी मौसम का रूख इसी तरह का बने रहने का अनुमान है। मौसम केंद्र के राकेश कुमार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम का रूख बदला है। धरती से करीब एक किमी उपर जम्मू की तरफ से आ रही ठंडी हवा चल रही है जिस कारण ठंड में वृद्धि हो रही है। शुक्रवार को इसकी रफ्तार अधिक थी लेकिन धीरे-धीरे उसकी स्पीड कम हो रही है। शनिवार को इसकी रफ्तार और कम होने का अनुमान है। बताया कि शनिवार को ठंड में और इजाफा होने का अनुमान है। सुबह में कुहासे का असर रहेगा जिस वजह से सुबह में विजिवलिटी कम रहेगी। लेकिन दिन के 10 बजे के बाद आसमान में सूरज चमकेगा जिससे मौसम साफ होगा। ऐसे में दिन में नए साल का जश्न लोग खुशनुमा माहौल में मना सकेंगे। हालांकि कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने तीन दिनों के लिए सभी पार्क व पिकनिक स्पाट को बंद कर दिया है। बावजूद लोग मंदिरों एवं अपने-अपने घरों में नए साल का स्वागत करेंगे।

अन्य समाचार