11: 58 पर मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर पहुंचा केकेएम मैदान

संवाद सहयोगी, जमुई: समाज सुधार अभियान के तहत स्थानीय श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हेलीकाप्टर 11:58 पर स्थानीय केकेएम कालेज मैदान में लैंड किया। वहां मौजूद परिवहन मंत्री शीला कुमारी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह, शिक्षा एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, सदर विधायक श्रेयसी सिंह, झाझा विधायक दामोदर रावत, सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल मांझी समेत एनडीए के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बुके भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री को पुलिस के जवानों ने गार्ड आफ आनर दिया। मुख्यमंत्री का काफिला 12 बजकर पांच मिनट पर केकेएम कालेज से सभा स्थल के लिए प्रस्थान किया। 12 बजकर 12 मिनट पर मुख्यमंत्री स्थानीय श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में समाज सुधार अभियान के तहत बने हुए मंच पर मंचासीन हुए। इसके बाद अनवरत रूप से कार्यक्रम का सिलसिला शुरू हो गया। 12 बजकर 26 मिनट पर जमुई लखीसराय और शेखपुरा के जदयू अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री को माला पहनाकर स्वागत किया। 12 बजकर 24 मिनट पर दीप प्रज्वलित कर मुख्यमंत्री और सभा स्थल पर मौजूद अन्य सभी मंत्रियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया। 12 बजकर 26 मिनट से लेकर एक बजकर पांच मिनट तक जीविका दीदियों ने शराबबंदी, बालविवाह और दहेज मुक्ति को लेकर अपने अनुभव को मंच से साझा किया। एक बजकर छह मिनट पर मैथिली ठाकुर ने जन जागरूकता गीत प्रस्तुत की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाज सुधार अभियान जमुई एक परिचय के तहत शराबबंदी, दहेज प्रथा उन्मूलन और बालविवाह मुक्त पुस्तक का विमोचन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका के स्टाल का निरीक्षण किया। तत्पश्चात जीविका दीदी के बढ़ते कदम नामक लोक गीत की प्रस्तुति जीविका दीदियों द्वारा की गई।


अन्य समाचार