धान खरीदारी लक्ष्य से 5,018 मीट्रिक टन पीछे रहा लखीसराय

संवाद सहयोगी, लखीसराय : सहकारिता विभाग ने 1,940 रुपये क्विटल की दर से जिले के किसानों से एक लाख चार हजार 992 मीट्रिक टन (10 लाख 49 हजार 920 क्विटल) धान खरीदारी करने का लक्ष्य निर्धारित किया। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए 15 नवंबर 21 से 15 फरवरी 22 तक धान खरीदारी करने की तिथि निर्धारित की थी। जिले के 62 पैक्स एवं तीन व्यापार मंडल को धान खरीदारी की स्वीकृति दी गई। साथ ही संबंधित पैक्स एवं व्यापार मंडल के बीच धान खरीदारी का लक्ष्य वितरित कर दिया गया। इस बार निबंधित किसानों की सुविधा के अनुसार किसी भी पैक्स एवं व्यापार मंडल में धान की बिक्री करने की छूट दी गई। विभाग ने इस बार पैक्स एवं व्यापार मंडल को सिर्फ उसना चावल ही एसएफसी को उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया। इधर अरवा चावल मिलिग कराने की मांग को लेकर जिले के पैक्स करीब 10 दिनों तक हड़ताल पर रहकर धान खरीदारी कार्य को बाधित रखा। डीएम के सख्त निर्देश के बाद धान खरीदारी का कार्य रफ्तार पकड़ा। धान खरीदारी की निर्धारित तिथि 15 फरवरी तक बड़हिया, लखीसराय एवं सूर्यगढ़ा प्रखंड में निर्धारित लक्ष्य से अधिक धान की खरीदारी कर ली गई। इसके बावजूद जिले में निर्धारित लक्ष्य से 5,018.7 मीट्रिक टन धान खरीदारी पीछे रह गई। जिले के चयनित 62 पैक्स एवं चार व्यापार मंडल ने 11,391 किसानों से 99,973.90 मीट्रिक टन धान की खरीदारी की है। इस तरह निर्धारित लक्ष्य से मात्र 5,018.7 मीट्रिक टन ही कम धान की खरीदारी हुई। इधर जिला सहकारिता पदाधिकारी मनोज शर्मा की मानें तो इस बार जिलाधिकारी के निर्देश पर धान खरीदारी का लक्ष्य पूरा करने को लेकर हर संभव प्रयास किया गया। धान खरीदारी के लिए चयनित व्यापार मंडल एवं पैक्स को लक्ष्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया गया। इसके परिणाम स्वरूप इस बार अन्य वर्षों की अपेक्षा अधिक धान की खरीदारी हुई। ये अलग बात है कि तमाम प्रयास के बावजूद धान खरीदारी लक्ष्य से मात्र पांच हजार मीट्रिक टन पीछे रह गया।

धान खरीदारी लक्ष्य से 5,018 मीट्रिक टन पीछे रहा लखीसराय यह भी पढ़ें

अन्य समाचार