अशोकधाम में आज भोलेनाथ की शादी की बजेगी शहनाई

संवाद सहयोगी, लखीसराय : देवाधिदेव महादेव और माता पार्वती मंगलवार को विवाह बंधन बंधेंगे। लखीसराय जिले में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर सभी शिव मंदिर एवं शिवालयों को फूलों और रंगीन बल्बों से सजाया गया है। मंगलवार की रात धूमधाम से शिव बारात एवं झांकी निकाली जाएगी तथा रात में शिव विवाह होगा। शिवरात्रि पर्व को लेकर महिलाओं एवं युवतियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। बिहार के बाबाधाम के रूप में प्रसिद्ध श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर अशोकधाम मंदिर को भव्य और आकर्षक तरीके से सजाया गया है। एनएच 80 बालगुदार मोड़ से मंदिर तक रोशनी का विशेष प्रबंध किया गया है। अशोक धाम मंदिर में अधिक भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जगह-जगह दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। सोमवार को अशोक धाम मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष सह एसडीओ संजय कुमार, ट्रस्ट के सचिव डा. श्याम सुंदर प्रसाद सिंह अशोकधाम मंदिर पहुंचकर महाशिवरात्रि मेला तैयारी का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह आठ बजे अशोक धाम मंदिर में सामूहिक रुद्राभिषेक पूजा होगा। इसमें बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा शामिल होंगे। महाशिवरात्रि मेला का उद्घाटन करेंगे। दोपहर बाद अशोक धाम मंदिर से भोलेनाथ की भव्य बारात निकलेगी। बारात बालगुदर, विद्यापीठ चौक होते हुए लखीसराय नगर भ्रमण करने के बाद रात में अशोक धाम पहुंचेगी। इसके बाद भगवान शंकर और माता पार्वती के विवाह की रस्म पूरी की जाएगी। मंगलवार अपराह्न बाद अशोकधाम मंदिर में श्रद्धालु शिवलिग पर जलाभिषेक नहीं कर सकेंगे। इसके बाद मंदिर के गर्भ गृह में पूजा की तैयारी की जाएगी। अशोकधाम मंदिर में शिव मंदिर, पार्वती मंदिर एवं दुर्गा मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। अशोकधाम के अलावा शहर के थाना चौक स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, लखीसराय थाना परिसर स्थित शिव मंदिर, आर. लाल कालेज रोड स्थित शिव मंदिर, पुरानी बाजार मोटका महादेव मंदिर, महावीर स्थान स्थित शिव मंदिर, कबैया रोड स्थित शिव मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों को भी विशेष रूप से सजाया गया है जहां मंगलवार की रात भगवान शिव की बारात निकलेगी, उसके बाद से विवाह होगा।


अन्य समाचार