2019 में निगरानी के हत्थे चढ़ने वाला अंचल निरीक्षक बर्खास्त

संवाद सहयोगी, जमुई । 2019 में निगरानी के हत्थे चढ़ने वाला खैरा का प्रभारी अंचल निरीक्षक नजीब अख्तर को जिला पदाधिकारी ने बर्खास्त कर दिया है। जिला पदाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने यह कार्रवाई आरोप प्रमाणित हो जाने के उपरांत की है। राजस्व कर्मचारी के तौर पर पदस्थापित नजीब जमीन नापी के एक मामले में रायपुरा निवासी इंद्रदेव यादव से 10 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ निगरानी के हाथों दबोचा गया था। इसके बाद ही उसे निलंबित कर दिया गया था। निलंबन की अवधि में नजीब का मुख्यालय अंचल कार्यालय लक्ष्मीपुर था। इस दौरान प्रपत्र क गठित कर हुई सुनवाई में उक्त राजस्व कर्मचारी का भी पक्ष लिया गया था। तमाम सुनवाई के बाद ही जिला पदाधिकारी ने कहा है कि 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ निगरानी धावा दल द्वारा पकड़े जाने का आरोप प्रमाणित है जो बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली के प्रतिकूल है। उक्त तथ्यों से स्पष्ट होता है कि मु अख्तर भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं एवं अपने कर्तव्य के प्रति निष्ठावान नहीं रहे हैं। इनका यह कृत्य एक सरकारी सेवक के आचरण के लिए न तो शोभनीय है और न ही बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली अनुरूप है। इनके इस कृत्य से प्रशासनिक छवि धूमिल हुई है। इन्हें सेवा में रहना सरकारी शील, निष्ठा एवं छवि को धूमिल करना है। लिहाजा इन्हें कठोर दंड देना अनिवार्य है। अन्यथा भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा तथा सरकारी कर्मियों के बीच गलत संदेश जाएगा।


अन्य समाचार