घर लौट रहे मजदूर की सड़क दुर्घटना में मौत

संस,जानकीनगर (पूर्णिया)। दैनिक मजदूरी कर रात को घर लौट रहे 35 वर्षीय मुरारी शर्मा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह घटना मधुबन पंचायत अंतर्गत रामपुर तिलक वितरणी एवं चोपड़ा बाजार के बीच गुरूवार की रात्रि करीब नौ बजे की है। मुरारी मधुबन पंचायत के वार्ड 07 स्थित शर्मा टोला के रहने वाले थे।

उनका मूल घर कटिहार जिले में है। बीते ढाई वर्षों से मधुबन स्थित ससुराल में रहते थे और बाजार में दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। स्वजनों ने बताया की हर दिन की तरह गुरूवार की रात को भी करीब नौ बजे बाजार से अपने घर लौट रहा था। नहर एवं बाजार के बीच तथा रेलवे लाइन से सटे दक्षिण सडक पर उसे अचेतावस्था में देखा गया। शरीर पर कई जगह जख्म के निशान थे। कपड़े फटे हुए थे। घटना बाद उस रास्ते से गुजर रहे एक व्यक्ति की नजर उसपर पड़ी तो लोगों को घटना की जानकारी दी गई।

घटनास्थल पर पहुंचें शर्मा टोला व आसपास के लोगों ने उसकी पहचान मुरारी शर्मा के रूप में की। परिजनों द्वारा उसका इलाज करवाया गया। शुक्रवार की सुबह मजदूर ने दम तोड़ दिया। कयास लगाया जा रहा है कि घटना की रात घर लौटने के क्रम में किसी मोटरसाइकिल सवार के द्वारा उसे गंभीर रूप से दुर्घटनाग्रस्त कर दिया गया हो जिससे उसके शरीर के कई अंगों पर चोट के निशान थे। कयास लगाया जा रहा है की अधिक चोट लगने के कारण मृतक अचेतावस्था में चला गया हो। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर मृतक के परिवार में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। जानकारी दी गई कि मृतक अपने पीछे पत्नी व तीन मासूम संतानों को छोड़ गया। घटना को लेकर संपूर्ण शर्मा टोला के लोग गमगीन हैं।

अन्य समाचार