विष्णु भगवान के 121 अवतार की बनेगी प्रतिमा, छह से शुरू होगी महाविष्णु यज्ञ

संस, अमौर (पूर्णिया) । प्रखंड क्षेत्र की पोठिया गंगेली पंचायत अंतर्गत परमानपुर गांव में छह मार्च से शुरू होने वाले श्रीश्री 1008 महाविष्णु यज्ञ को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। मूर्तिकारों द्वारा विष्णु भगवान का अवतार का 121 मूर्ति का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। विस्तृत जानकारी देते हुए यज्ञ के अध्यक्ष मणिभूषण उर्फ गुडलू ने बताया कि अखंड संकीर्तन के लिए बनारस एवं मदनपुर से पंडित पधारने वाले हैं। छह मार्च को 108 कन्याओं एवं महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलशयात्रा ज्ञग स्थल से निकलेगी तथा परमान नदी में जल भर कर पुन: यज्ञ स्थल पर पहुंच कर जलाभिषेक किया जाएगा। इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि विष्णु यज्ञ स्थल पर 21 फीट विष्णु भगवान की भव्य मूर्ति आकर्षण का केंद्र रहेगी। लोगों ने बताया कि यज्ञ स्थल पर पश्चिम दिशा से जलालगढ़ होते हुए वाया तीयरपारा पंचायत के हिच्छामोती धार पुल होते हुए यज्ञ स्थल पर पहुंचा जा सकता है। जबकि पूरब से अमौर से सुराह चौक होकर यज्ञ स्थल पर पहुंच है। उत्तर में अररिया जिला के दलमालपुर होते हुए वाया धूरपेली होते हुए अतुल खेली होकर यज्ञ स्थल पर पहुंचा जा सकता है। कारीगरो द्वारा मूर्ति को अंतिम रूप दिया जा रहा है। साथ ही यज्ञ स्थल पर संकीर्तन कुंज बनाया जा रहा है। यज्ञ पर मेले के आयोजन को लेकर अभी से दुकानें सजने लगी हैं एवं भक्तजनों के ठहरने की भी अच्छी व्यवस्था की जा रही है। ज्ञग स्थल पर प्रशासन एवं ग्रामीणों की ओर से पुख्ता व्यवस्था रहेगी।


अन्य समाचार