अमृत महोत्सव पर चित्रकारी प्रतियोगिता का आयोजन

संसू.,बड़हिया (लखीसराय) : आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को नवीन कन्या मवि बड़हिया में आयकर विभाग बेगूसराय के तत्वाधान में बालिकाओं की स्वतंत्रता विषय पर दो दिवसीय चित्रकारी कार्यशाला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में वर्ग एक से लेकर आठ तक के कुल 250 छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस मौके पर पटना से आए ट्रेनर राजकपूर ने बच्चों को चित्र बनाने के कई टिप्स बताए। इसे अपनाकर बच्चों ने एक से बढ़कर एक कई तरह के चित्र बनाए। इस मौके पर वर्ग एक से लेकर आठ तक के बालिकाओं को तीन ग्रुप में बांटा गया है। इसमें वर्ग एक से तीन, चार से पांच एवं छह से आठ तक की बालिका थी। इस मौके आयकर विभाग बेगूसराय के अधिकारी (टीडीएस ) विवेकानंद ने बताया कि इस प्रतियोगिता में जो बच्चे प्रथम से फाइव तक आएंगे उन्हें शनिवार को पुरस्कृत किया जायेगा। शेष बच्चों को भी सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा। ट्रेनर राजकपूर ने बताया कि अमृत महोत्सव खासकर बालिकाओं के बीच मनाने का मुख्य उद्देश्य है कि उनको स्वतंत्रता मिलने पर कैसे आगे बढ़ रही है। आजादी का अमृत महोत्सव के परिपेक्ष्य में आयोजित इस चित्रकला प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों, अभिभावकों व लोगों में बालिकाओं के आगे बढ़ने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस मौके पर प्रधानाध्यापक मृत्युंजय कुमार, रामसेवक कुमार, संजीव कुमार, पंकज कुमार, अजय कुमार, साधना कुमारी, सेवानिवृत्त शिक्षक वृजनंदन सिंह, शैयद महताब अहमद, निमिषा कुमारी, मंजुला कुमारी, रश्मि कुमारी सहित कई लोग मौजूद थे।


अन्य समाचार