करोड़ों की लागत से बनने वाले मोक्षधाम का रास्ता साफ

जागरण संवाददाता, खगड़िया : नगर परिषद क्षेत्र में अत्याधुनिक मोक्षधाम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इस योजना पर पांच करोड़ 31 लाख 34 हजार 860 रुपये खर्च किया जाना है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने बुडको को मोक्षधाम निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। नगर विकास एवं आवास विभाग के विशेष सचिव सतीश कुमार सिंह ने पत्र के माध्यम से इसकी जानकारी दी है। इसकी निविदा के बाद कार्य शुरू होगा। मोक्षधाम(शवदाह गृह) का निर्माण बूढ़ी गंडक नदी के किनारे अघौरी स्थान घाट के पास किया जाएगा।

इधर निवर्तमान नगर सभापति सीता कुमारी ने कहा है कि शवदाह गृह के नहीं रहने के कारण शव को जलाने में लोगों को परेशानियां उठानी पड़ती है। शवदाह गृह बनने के बाद लोगों को कई प्रकार की परेशानियों से छुटकारा मिलेगी। नदी प्रदूषण पर भी नियंत्रण होगा। निवर्तमान

नगर पार्षद रणवीर कुमार ने बताया कि मोक्षधाम में विद्युत शवदाह गृह की व्यवस्था होगी। इसमें एक फर्निश वाले चेंबर बनाया जाएगा। आधुनिक तकनीक वाले विद्युत शवदाह गृह प्रदूषण नहीं होगा। इसके साथ घाट पर दो पारंपरिक तरीकों से लकड़ी से जलने वाला बनाया जाएगा। मोक्षधाम तक जाने के लिए पक्की पहुंच पथ भी होगी।
कोट
दो पारंपरिक और एक विद्युत से चलने वाले शवदाह गृह के निर्माण की तकनीकी और राशि आवंटन की स्वीकृति विभाग द्वारा दी जा चुकी है। उम्मीद है कि एक सप्ताह में प्रक्रिया टेंडर में चली जाएगी। टेंडर होने के बाद बाद एक से दो महीने में निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
राजीव कुमार गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद खगड़िया।

अन्य समाचार