पांच घरों से लाखों के आभूषण की चोरी, चार घरों में प्रयास असफल

संवाद सहयोगी,करपी,अरवल :

थाना क्षेत्र के रामपुर गांव से चोरों ने गुरुवार की रात एक साथ कुल नौ घरों को अपना निशाना बनाया, जिसमें पांच घरों से लाखों के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान ले उड़े। जबकि चार में घरों में चोरी का प्रयास असफल रहा। शुक्रवार की सुबह जब बधार में लोगों की नजर टूटे हुए बक्से एवं बिखरे सामान पर गई तब गांव आकर लोगों की इसकी जानकारी दी। सूचना पर पुलिस आई, जिसके बाद चोरी की घटनाओं का पता चला। ग्रामीणों ने बताया कि ब्रजकिशोर सिंह के मकान का ताला तोड़कर चोर जेवरात समेत कई कीमती सामान ले भागे। दीपक कुमार के घर से गोदरेज एवं बक्सों का ताला तोड़कर तीन लाख रुपये के जेवरात चुरा लिए। धनराज सिंह के घर का ताला तोड़कर चार लाख रुपये के आभूषण ले भागे। धनंजय कुमार के घर का ताला तोड़कर दो लाख के गहने की चोरी कर ली। रामपुर टोला वैद्य बीघा निवासी रामचंद्र रजक के घर का ताला तोड़कर चांदी के कई कीमती जेवरात चुरा कर चले गए। पांचों घरों के गृहस्वामी बाहर रहते हैं। घरों में ताले बंद थे। सभी को मोबाइल पर सूचना दी गई है। रामचंद्र रजक की पत्नी घर में रहती हैं। लेकिन गुरुवार की रात पत्नी उषा देवी आंख दिखाने गई थी। घर में ताला बंद था। इनके घर से पीतल के बर्तन, चांदी के जेवर समेत लगभग एक लाख के जेवर की चोरी हुई है। इसके अतिरिक्त चोरों ने कमलेश सिंह ,मुनेश्वर सिंह, अशोक सिंह व रामचंद्र बैठा के घर में भी चोरी का प्रयास किया। लेकिन असफल रहे। घटना की सूचना पर शुक्रवार को पुलिस पहुंची और घटना की छानबीन की। सभी पांच घरों के गृहस्वामियों के आने पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। किन घरों से कुल कितने के आभूषण समेत अन्य सामान की चोरी हुई है यह भी गृहस्वामियों के आने पर ही पता चल पाएगा।

अन्य समाचार