सड़क दुर्घटना में ट्रैक्टर सवार एक मजदूर की मौत

संसू, ठाकुरगंज (किशनगंज) : ठाकुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्डमेची हाट (मंगलीहाट) के समीप रविवार की देर रात्रि एनएच-27 ई पर एक अज्ञात ट्रक की ठोकर से ट्रैक्टर सवार मजदूर की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना ठाकुरगंज पुलिस को दी। ठाकुरगंज पुलिस व स्थानीय लोगों की सहायता से मजदूर को ठाकुरगंज अस्पताल भेजा गया पर रास्ते में ही मजदूर ने दम तोड़ दिया। वहीं अज्ञात ट्रक मौके से भागने में सफल रहा जबकि मौके से ट्रैक्टर के चालक व सह चालक भी फरार पाए गए।

मृतक की पहचान मो. शब्बीर (उम्र 19 वर्ष) ग्राम व थाना सुखानी के रूप में हुई हैं। घटना की पुष्टि करते हुए ठाकुरगंज थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग अररिया-गलगलिया न्यू एनएच फोरलेन सड़क के निर्माण कार्य में पेड़ों कटाई कर रहा है। मृतक कटे पेड़ों को ट्रैक्टर से ढ़ोने का कार्य मजदूर के रूप में कर रहा था। रविवार की देर रात्रि ट्रैक्टर से चालक व सहचालक के साथ मृतक मु. शब्बीर सवार होकर अपने घर सुखानी की ओर जा रहे थे। अचानक पीछे से आ रही अज्ञात ट्रक ने जोरदार ठोकर मार दी। जिससे ट्रैक्टर पलट गई। जिससे मु. शब्बीर उसके नीचे दब गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई थी। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम करवाकर स्वजनों के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी के लिए ठाकुरगंज पुलिस ट्रैक्टर के चालक व सहचालक की खोज में जुटी हुई है। घटना के बाद से ही ये दोनों ही घटनास्थल से गायब व फरार है।

अन्य समाचार