ट्रैक्टर का पैसा मांगने पर भैरोगंज में मामा ने की थी भांजी की गला दबाकर हत्या

बगहा। पुलिस जिले के भैरोगंज थाने के भोलापुर खरहट गांव में एक मामा ने अपने पुत्र के साथ मिलकर अपनी भांजी की गला दबा कर हत्या कर दी थी। 31 जनवरी की घटना में पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज की और जांच में जुट गई।

मृतका की मां व चिउटाहा थाने के बलकहवा निवासी राबड़ी देवी ने भैरोगंज थाने में अपने भाई भतीजा को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें बताया गया है कि मृतका बेचनी की शादी कुछ साल पहले कृष्णा सहनी से हुई थी। शादी के बाद एक बच्चा भी हुआ। इस बीच उसके ससुराल पक्ष ने उसके नाम से एक ट्रैक्टर भी खरीद दिया। इस बीच मृतका का पति हिमाचल मजदूरी करने चला गया। जिसके बाद मृतका के मामा व सेमरा थाने के चरहिया निवासी अनिरुद्ध सहनी उसके घर गए और बोले कि ट्रैक्टर बिना काम के घर पर रखा है। हम उसे ले जा रहे हैं। उससे जो कमाई होगी। उसे लाकर देते रहेंगे। इधर 31 जनवरी को जब मृतका बेचनी देवी अपने मामा के घर ट्रैक्टर के कमाई का पैसा मांगने गई तो उसके पुत्र मुकुर्धन सहनी उसके साथ तैश में बात करते हुए कहा कि अभी पैसा नहीं है। उसके बाद वह अपने घर चली गई। उसी रात में पिता व पुत्र उसके घर पहुंच गए और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए कहे कि तुम हमेशा पैसा मांगने के लिए घर पहुंच जाती हो। गाली व विवाद करने से मृतका ने मना किया तो दोनों लोग उसका गला दबाकर हत्या कर दिए।

दूसरे दिन सुबह में ग्रामीणों के द्वारा सूचना दी गई कि उसकी बेटी की मौत हो गई है। जब वह बेटी के घर गई तो देखी कि उसकी बेटी मरी पड़ी है। इसकी सूचना अपने दामाद को दी। सूचना मिलने के बाद दामाद कृष्णा सहनी भी प्रदेश से घर आए और उसका दाह संस्कार कर दिया गया। इधर अब जानकारी मिली कि उसकी बेटी की स्वभाविक मौत नहीं हुई थी। उसके मामा व भतीजा ने गला दबाकर मारा था।
मामले में भैरोगंज थानाध्यक्ष लालबाबू प्रसाद ने बताया कि मृतका की मां के आवेदन पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। इंसेट बाक्स दहेज की रकम लेने के बाद भी शादी से किया इन्कार
बगहा, संस: वाल्मीकिनगर थाने के सोहरिया निवासी मनु सहनी ने थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उसकी पुत्री की शादी भैरोगंज थाने के नड़डा खेखरिया टोला निवासी बचई सहनी के पुत्र मनोहर कुमार से 20 मई 2020 को तय किया गया था। लेकिन कोविड के चलते शादी नहीं हो पाई। फिर 24 अप्रैल 2021 में दूसरी डेट तय हुई। कार्ड भी छप गया। इसी बीच मनु सहनी उसके घर गए और बोले कि एक ट्रैक्टर खरीदना है। उसमें एक लाख अस्सी हजार रुपये कम पड़ रहा है। कर्ज के रूप में उतना रुपये दे दिया जाए। शादी के पहले उसे वापस कर देंगे। रिश्ता होने के कारण उन्हें उक्त राशि दे दी गई। शादी की तिथि नजदीक आने के बाद उससे पैसे की मांग की गई तो कहा कि शादी में जो दहेज तय है उसी में उतना रुपये कम हो जाएगा। लेकिन जब मनु सहनी यह बोला कि मेरे पास बेटी की शादी के लिए दूसरा रुपये नहीं था। उन लोगों ने शादी करने से इन्कार दिया। शादी के दिन जब बरात नहीं आई तो कुछ लोगों के साथ बचई सहनी के घर गए। जहां पंचायती हुई तो बचई सहनी बोले कि इस साल शादी नहीं होगी। 2022 में शादी होगी। इधर जानकारी मिली कि मनोहर की शादी 17 फरवरी को दूसरी जगह कर दी गई है। मामले में बगहा एसडीपीओ कैलाश प्रसाद ने बताया कि वादी के आवेदन पर तीन लोगों पर धोखाधड़ी व दहेज अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

अन्य समाचार