महिला शराब तस्कर थाने से फरार, दो जवान निलंबित

संवाद सहयोगी, मुंगेर : नया रामनगर थाना क्षेत्र से सोमवार की देर शाम शराब के साथ पकड़ी गई महिला तस्कर थाने से चकमा देकर फरार हो गई। फरार होने के बाद थाने से लेकर पूरे महकमे में खलबली मच गई।

पुलिस कप्तान जग्गुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने लापरवाही बरतने के आरोप में दो महिला आरक्षी को निलंबित कर दिया है। महिला की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार की देर शाम नया रामनगर पुलिस ने छापेमारी कर पाटम रेलवे हाल्ट के समीप से शराब के साथ चंडिका स्थान की आशा देवी और राजकुमार को गिरफ्तार किया था। दोनों के पास से 40 लीटर देसी और अंग्रेजी शराब मिली थी। राजकुमार को हाजत में बंद कर दिया गया और महिला हाजत नहीं होने से थाने में ही महिला को रखा गया था। महिला तस्कर की देखरेख के लिए दो महिला आरक्षी को जिम्मेदारी दी गई। इस बीच देर रात महिला चकमा देकर फरार हो गई।

एसपी ने बताया कि थानाध्यक्ष को जांच कर पूरी रिपोर्ट देने को कहा गया है। महिला की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही महिला गिरफ्त में होगी। ट्रेन से शराब लेकर उतरे थे दोनों महिला सोमवार को झारखंड से आ रही पैसेंजर ट्रेन से शराब की खेप लेकर राजकुमार के साथ पाटम रेलवे हाल्ट पर उतरी थी। पुलिस को इसकी भनक लग गई। पुलिस को देखकर दोनों भागने के फिराक में थे, पर ऐसा नहीं हुआ दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गश्ती वाहन दुर्घटनाग्रस्त, तीन पुलिसकर्मी जख्मी संवाद सूत्र, हवेली खड़गपुर (मुंगेर) : खड़गपुर-बरियारपुर सड़क पर लोहची के पास शामपुर पुलिस का वाहन पेड़ से टकराकर गया। घटना में वाहन पर बैठे सभी पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। तीन पुलिस कर्मियों को हल्की चोटें आई है।
एसआइ परमानंद मंडल पांच जवानों के साथ मंगलवार की सुबह गश्ती पर थे। इस बीच हवेली खड़गपुर की ओर से एक ट्रक तेज रफ्तार से गुजरा। ट्रक से बचने के चक्कर में पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एसआइ परमानंद मंडल, सिपाही धर्मेश कुमार, महिला आरक्षी संगीता कुमारी को हल्की चोटें आई। खड़गपुर अस्पताल में इलाज कराया गया।

अन्य समाचार