इनरवा में किसान की हत्या, पहले दोनों पैर काटा, फिर मारी गोली

बेतिया। जिले के इनरवा थाना अंतर्गत बरवा परसौनी गांव में गोली मारकर 43 वर्षीय किसान शेख कयामुद्दीन की हत्या कर दी गई है। गोली मारने के पहले हत्यारों ने किसान के दोनों पैर काट डाले। फिर उसे गोली मारी। घटनास्थल अपने दरवाजे पर ही कयामुद्दीन की मौत हो गई। घटना का कारण 14 वर्ष पूर्व मृतक की बेटी की हत्या के बाद उत्पन्न विवाद के साथ साथ भूमि विवाद भी बताया जा रहा है। लोगों में आक्रोश है। बताया जाता है कि कयामुद्दीन और पूर्व मुखिया गांव के साधु पासवान के बीच पहले से विवाद चल रहा है। शेख कयामुद्दीन की बेटी की हत्या 14 साल पहले कर दी गई थी, जिसमें साधु पासवान और उनके परिवार के लोग नामजद हुए। मृतक के भाई मो. इम्तियाज आलम ने बताया कि वह विवाद शांत हो गया था। मगर साधु पासवान अदावत की आग से जल रहा था। इस बीच कयामुद्दीन ने साधु पासवान के पट्टीदारों से अपने घर के बगल में ही करीब 12 कट्ठा जमीन खरीदी। इसके बाद दोनों पक्ष में विवाद और गहरा हो गया। गुरुवार को जैसे ही से कयामुद्दीन अपने दरवाजे पर निकला। साधु पासवान चार पांच लोगों के साथ हथियार और तलवार लिए उसके दरवाजे पर पहुंच गया। मृतक के स्वजनों का कहना है कि पहले साधु पासवान वगैरह ने दोनों पैर काट दिए। इसके बाद गोली मारकर हत्या कर दी और सभी लोग फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए इनरवा पुलिस के साथ भंगहा मैनाटांड़, मानपुर की पुलिस वहां पहुंची है। शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पत्नी अंबेया खातून और उन्हें चार पुत्र व एक पुत्री है। नरकटियागंज एसडीपीओ कुंदन कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।


अन्य समाचार