चौथम में प्रखंड स्तरीय बाल संरक्षण समिति का होगा पुनर्गठन

संवाद सूत्र, चौथम (खगड़िया)। चौथम प्रखंड स्तरीय बाल संरक्षण समिति का जल्द ही पुनर्गठन किया जाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को सेव दी चिल्ड्रेन के जिला समन्वयक हेमांक चौबे और प्रखंड समन्वयक रोशनी परवीन ने चौथम प्रखंड प्रमुख व बीडीओ से मुलाकात की। साथ ही बाल संरक्षण समिति के जल्द पुनर्गठन करने को लेकर पत्र दिया। जिला समन्वयक ने कहा कि वर्ष 2019 में ही बाल संरक्षण समिति का गठन किया गया था। जिसका कार्यकाल पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि अब उसका पुनर्गठन करना है। उन्होंने बताया कि बाल संरक्षण समिति के अध्यक्ष प्रखंड प्रमुख होते हैं। जबकि बाल विकास परियोजना पदाधिकारी संयोजक एवं सचिव होती है। जबकि बीडीओ सह अध्यक्ष होते हैं। 17 सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाना है। उन्होंने बताया कि बाल संरक्षण समिति का कार्य बाल सुरक्षा और बाल अधिकारों की रक्षा करना है। इसके अलावा सरकार द्वारा बाल सुरक्षा को लेकर चलाई जा रही योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना है। बाल विवाह को लेकर होगा टास्क फोर्स का पुनर्गठन


बाल विवाह को लेकर टास्क फोर्स का भी पुनर्गठन किया जाएगा। सेव दी चिल्ड्रेन के जिला समन्वयक हेमांक चौबे ने बताया कि बाल विवाह पर रोक को लेकर वर्ष 2016-17 में ही टास्क फोर्स का गठन किया गया था। जिसका कार्यकाल पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि अब उसका पुनर्गठन किया जाना है। इसके टास्क फोर्स का अध्यक्ष बीडीओ को मनोनीत किया जाता है। जबकि प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सीडीपीओ, संबंधित थाना के थानाध्यक्ष, प्रखंड के बुद्धिजीवी व सामाजिक कार्यकर्ता के अलावा सभी विकास मित्र को सदस्य बनाया जाता है।

अन्य समाचार