रमजान नदी में अज्ञात शव मिलने से फैली सनसनी

संवाद सहयोगी, किशनगंज : शहर के बीचोबीच गुजरने वाली रमजान नदी में अज्ञात शव मिलने से हड़कंप मच गया। शनिवार की सुबह शहर के सौदागरपट्टी स्थित गांधी घाट रमजान नदी पुल के समीप अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। दुर्गंध फैलने पर स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी। लोगों ने इसकी सूचना टाउन थाना की पुलिस को दी। वहीं बड़ी तादाद में लोगों की भीड़ पुल पर और नदी के आसपास जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और घटना की छानबीन में जुट गई। बरामद शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।


स्थानीय लोगों ने बताया की नदी किनारे पड़े शव पर आसपास के लोगों की नजर पड़ी। पहले वहां से काफी दुर्गंध निकल रहा था। जिस स्थान से दुर्गंध निकल रहा था वहां पर पहुंचने की हिम्मत कोई नहीं जुटा रहा था। लोगों के मन में तरह-तरह के ख्याल आ रहे थे। हालांकि शव होने की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। शव पानी में रहने के कारण सड़ चुका था और दुर्गंध दे रहा था। इधर पुलिस शव मिलने के मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने वहां कुछ लोगों से शव के बारे में जानकारी भी ली। लेकिन कोई भी कुछ नहीं बोल पा रहा था। पुलिस शव कैसे उक्त स्थान पर आया। हत्या, आत्महत्या या किसी और कारण से मौत हुई है। इसकी जांच में पुलिस जुटी हुई है। सदर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों से भी संपर्क साधा जा रहा है।

अन्य समाचार