सड़क हादसे में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष की मौत

जागरण संवाददाता, खगड़िया। खगड़िया-बखरी पथ के कासिमपुर के समीप सड़क हादसा में राकांपा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह की मौत हो गई। दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति के जख्मी होने की खबर है। संजय सिंह गंगौर ओपी के लाभगांव के रहने वाले थे। स्वजनों ने बताया कि बुधवार की शाम संजय सिंह बाइक से गांव जा रहे थे। इसी दौरान किसी वाहन से टक्कर हो गई। गंभीर हालत में बेगूसराय ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इधर, युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कुमार भानु प्रताप उर्फ गुड्डू पासवान, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष शिवराज यादव, मुखिया पति बाल्मिकी पासवान, वार्ड आयुक्त शीला कुमारी, लाभगांव के सामाजिक कार्यकर्ता राकेश कुमार, फरकिया मिशन के किरण देव यादव समेत अन्य ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से कामना की है। सामाजिक कार्यकर्ता राकेश कुमार ने जिला प्रशासन से मृतक की पत्नी को आपदा राहत के तहत अविलंब मुआवजा राशि देने और जनवितरण प्रणाली का लाइसेंस देने की मांग की है।


===
गोलीबारी मामले में आधा दर्जन से अधिक पर केस
जागरण संवाददाता, खगड़िया: मुफस्सिल थाना अंतर्गत बड़ी कोठिया गांव में गोलीबारी मामले में आधे दर्जन से अधिक लोगों पर केस दर्ज किया गया है। गोलीबारी और हथियार लहराने का वीडियो किसी ने एसपी अमितेश कुमार को भेजा। एसपी के सख्त आदेश पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष जेपी यादव के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बलों के साथ छापेमारी की गई। इस बाबत उक्त गांव के टुनटुन उर्फ मंटुन यादव के बयान पर मंटुन यादव, राजा यादव समेत आधे दर्जन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है।
===
छेड़खानी मामले में केस
जागरण संवाददाता, खगड़िया: गंगौर ओपी अंतर्गत एक गांव में छेड़खानी के मामले में रोशन कुमार पर केस दर्ज किया गया है। महिला ने बताया कि 13 मार्च की रात रोशन हाथ पकड़कर खींचने लगा। इस दौरान उसके पुत्र बबलू को पीटकर जख्मी कर दिया गया। ओपी अध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। आगे की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
===

अन्य समाचार