होली: रंगों की दरिया में चली उल्लास की नाव

जागरण टीम, खगड़िया। जिले में होली के अवसर पर चहुं ओर उल्लास दिखा। लोगों ने जमकर होली खेली और फाग गाए।

चौथम थाना क्षेत्र में होली शनिवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। इस बीच कहीं से भी कोई अप्रिय घटना घटने की सूचना नहीं मिली है। चौथम प्रखंड क्षेत्र में होली इस बार गुरुवार, शुक्रवार व शनिवार को मनाई गई। होली पर्व को लेकर प्रशासन की ओर से काफी सतर्कता बरती गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर जगह-जगह मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। चौथम थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि होली को लेकर 24 घंटे गश्ती जा रही। संवेदनशील जगहों पर पुलिस बल के अलावा चौकीदार की भी प्रतिनियुक्ति की गई थी। इस बार पुलिस प्रशासन की सख्ती के कारण कहीं भी डीजे नहीं बजा।

परबत्ता प्रखंड क्षेत्र में भी लोगों ने जमकर होली खेली। कई जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। लोगों ने एक दूसरे को रंग- गुलाल लगाए। ढोलक व मंजिरा की थाप पर फगुआ गीतों की बयार बहती रही। पाटलिपुत्र सेंट्रल स्कूल परबत्ता में प्राचार्य जूली सिंह के नेतृत्व में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें कई गणमान्य लोग पहुंचे। जिनका स्वागत डायरेक्टर डा. जेपी सिंह ने किया। डा. जेपी सिंह ने कहा कि होली सौहार्द का पर्व है। यह असत्य पर सत्य की जीत का पर्व है।
बेलदौर प्रखंड क्षेत्र में रंगों का त्योहार होली शनिवार को शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। गांव-गांव में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान जोगिरा की तान पर युवा थिरकते रहे। बेलदौर बीडीओ सुनील कुमार, सीओ सुबोध कुमार, थानाध्यक्ष संतोष कुमार शांतिपूर्ण होली को लेकर लगातार पुलिस बल के साथ गश्त करते नजर आए। शांतिपूर्ण होली को लेकर चोढ़ली मुखिया पति तनवीर हसन ने प्रखंड वासियों का आभार प्रकट किया है।
गोगरी एसडीओ अमन कुमार सुमन के आवास पर होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर मौजूद लोगों ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाए। इस मौके पर एसडीओ ने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। इस मौके पर गोगरी एसडीपीओ मनोज कुमार, डीसीएलआर चंद्रकिशोर सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर अच्छेलाल पासवान, थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, जदयू नेता राजेश कुमार सिंह आदि मौजूद थे।

अन्य समाचार