महिला मुखिया को शादी की नीयत से उठा ले गए गांव के दबंग

सीतामढ़ी। होली के ऐन मौके पर भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से एक सनसनीखेज वाकया सामने आया है। सोनबरसा प्रखंड के कन्हौली थाना क्षेत्र से महिला मुखिया को गांव के दबंग उठा ले गए। चार माह पूर्व मुखिया निर्वाचित हुईं 38 साल की इस महिला के पति का आरोप है कि उनकी पत्नी से शादी करने की नीयत से बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। पति को यह भी अंदेशा है कि उनकी पत्नी के साथ कोई अप्रिय घटना भी हो सकती है। बहरहाल, होली के ऐन मौके पर महिला मुखिया को अगवा किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार, महिला मुखिया नौ मार्च को चार बजे भोर में टहलने के लिए निकली थीं। छह दिन के इंतजार के बाद मुखिया के पति ने पुलिस में लिखित शिकायत की। लोकलाज के कारण शायद यह बात पति के द्वारा सार्वजनिक नहीं की जा रही थी। मुखिया पति ने अपनी पत्नी को अगवा करने का मकसद तो बयां कर दिया मगर, इतने सारे लोग मिलकर एक महिला मुखिया को इस तरह से उठा ले जाएंगे इस बारे में पुलिस को भी दूसरी कहानी प्रतीत होती है। वैसे पति के अंदेशे के मुताबिक, मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो सकता है।

कन्हौली थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार का कहना है कि शिकायती आवेदन के अनुसार, यह हरकत एक शख्स और उसके दो बेटों ने मिलकर की है। लिहाजा, रामप्रगास कापर व उसके दोनों पुत्रों संजय कापर, विजय कापर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी बिदुओं पर छानबीन चल रही है। पुलिस ने बताया भारतीय दंड संहिता की धारा 365/366 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बहरहाल, प्रेम-प्रसंग का मामला है या एक नवनिर्वाचित मुखिया से अदावत की कोई दूसरी वजह है यह जांच का मामला है। फिलहाल, चर्चाओं का बाजार गर्म है।

अन्य समाचार