मूल्यांकन कार्य के समय बाजार में घूमते दिखे शिक्षक, बीईओ ने मांगा स्पष्टीकरण

बगहा। बगहा प्रखंड दो के उत्कम्रित विद्यालय के एक शिक्षक स्कूल समय व मूल्यांकन के समय बाजार और प्रखंड में घूमते दिखने पर बीईओ ने स्पष्टीकरण मांगा है।

भारतीय जनता पार्टी के बगहा दो के मंडल अध्यक्ष धनंजय यादव ने बीईओ और स्थानीय विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह से शिकायत करते हुए लिखा है कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय भरथापुर में नियुक्त शिक्षक जनार्दन प्रसाद आए दिन विद्यालय समय पर शिक्षण कार्य करने की जगह प्रखंड मुख्यालय और बाजार में घूमते हुए नजर आते हैं। भाजपा नेता ने आरोप लगाया है कि 26 मार्च को लगभग दो बजे अपराह्न में बगहा दो प्रखंड मुख्यालय परिसर में मौजूदगी का सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है। विद्यालय में मूल्यांकन का कार्य चल रहा है। उसके बाद भी घोर लापरवाही बरती जा रही है। शिक्षक कोई न कोई बहाना बनाकर आए दिन बाजार में चक्कर काटते रहते हैं। शिक्षक के द्वारा लापरवाही किए जाने से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती है।

इस संबंध में बगहा दो के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्टीकरण मांगा है। बीइओ ने स्पष्टीकरण में पूछा है कि द्वितीय पाली में मूल्यांकन कार्य एक बजे से तीन बजे तक है। 26 मार्च को इस दौरान आप बगहा दो प्रखंड परिसर में घूमते दिखे। 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण दें। नहीं तो आपके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में वाल्मीकिनगर विधायक के शिक्षा प्रतिनिधि विनय कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय में शिक्षण कार्य सुचारू रूप से चलाने के लिए शिक्षक को अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर बनना पड़ेगा। किसी भी शिक्षक के द्वारा शिक्षण कार्य में लापरवाही करने पर ठोस कार्रवाई की जाएगी। ऐसे शिक्षक समाज के लिए कलंकित हैं।

अन्य समाचार