बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त हवा ने गिराया तापमान, मौसम हुआ कूल

जागरण संवाददाता, पूर्णिया: बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त हवा ने मौसम का रूख बदल कर रख दिया है। दो दिनों पहले तक गर्मी जहां प्रचंड रूप दिखा रही थी तथा पारा 35 डिग्री सेल्सियस से उपर चला गया था वहीं अभी मौसम कूल हो गया है। नमीयुक्त पूरबा हवा ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है तथा तापमान नीचे आ गया है। बुधवार को मौसम केंद्र पूर्णिया द्वारा अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य तापमान से पांच डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम केंद्र के सहायक विज्ञानी राकेश कुमार के अनुसार अभी दो दिनों तक मौसम का रूख ऐसा ही बना रहने की संभावना है। हालांकि इस नमीयुक्त हवा की वजह से बारिश की संभावना काफी कम है।


सुबह से लेकर रात तक चल रही तेज ठंडी हवा ने मौसम को कूल बना दिया है। पिछले दो दिनों से सुबह में सूरज के दर्शन काफी देर से हो रहे हैं। बुधवार को भी दिन में 10 बजे के बाद ही सूर्य के दर्शन हुए तथा दिन भर उसकी किरणें मद्धिम बनी रही। सुबह से आसमान में बादल और धुंध का असर रहा तथा धूप चमक कर नहीं निकल पाई। मौसम विभाग के अनुसार सुबह और शाम करीब 12 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली जबकि दिन में हवा की रफ्तार 15 किमी प्रति घंटा रही। दरअसल बांग्लादेश के आसापास टर्फ लाइन बना हुआ है जिस कारण उत्तर पूर्वी हवा बंगाल की खाड़ी से होकर आ रही है। यह हवा बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर बह रही है जिस कारण उत्तर-पूरब भारत में मौसम का रूख बदला है। नमीयुक्त हवा के कारण ही तापमान में गिरावट आई है। मौसम का यह रूख कम से कम दो दिनों तक बना रहने वाला है। हालांकि मौसम विभाग की मानें तो इससे बारिश की संभावना नहीं के बराबर है। लेकिन मौसम में ठंडक बनी रहेगी।

अन्य समाचार