बिन मौसम बरसात से मौसम हुआ सुहाना, आज भी छाए रहेंगे आंशिक बादल

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। सुबह में हुई बिन मौसम बारिश से हालांकि लोगों को थोड़ी परेशानी हुई लेकिन मौसम सुहाना हो गया। हालांकि इस बारिश से किसानों को लाभ पहुंचा। खासकर मक्का किसानों को इस बारिश से काफी फायदा हुआ है। मौसम केंद्र पूर्णिया द्वारा इस दौरान 10.4 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। वहीं अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री एवं न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के सहायक विज्ञानी राकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को भी मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे साथ ही कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।


गुरुवार की अल सुबह अचानक मौसम का रूख बदला एवं झमाझम बारिश शुरू हो गई। हालांकि पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ था। बंगाल की खाड़ी से होकर आ रही नमी युक्त हवा ने तापमान काफी गिरा दिया था। बुधवार को अधिकतम तापमान 28.8 एवं न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस था। नमीयुक्त हवा से मौसम कूल हो गया था तथा लोग रात में फिर गर्म कपड़ा निकालने को विवश हुए। लेकिन गुरुवार को सुबह झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश करीब आधे घंटे तक चली तथा इस दौरान अच्छी वर्षा हुई जिससे नगर की सड़कों और गलियों में पानी जमा हो गया। लेकिन वर्षा रुकने के साथ पानी निकल गया जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। वही किसानों को काफी लाभ पहुंचा। मक्का खेतों में अभी पटवन की जरूरत है तथा किसान पंपसेट से पानी पटा रहे थे। परंतु वर्षा से किसानों को थोड़ी राहत मिली। वहीं मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा मौसम सुहाना बना रहेगा। धीरे-धीरे हवा की रफ्तार भी घट रही है। पिछले दो दिनों की तुलना में गुरुवार को हवा की स्पीड कम रही। शुक्रवार को भी हवा की रफ्तार कम रहेगी तथा तापमान में थोड़ी वृद्धि होगी।

अन्य समाचार