पति से मिलने निकली विवाहिता रास्ते से गुम



जागरण संवाददाता, शेखपुरा:
पति से मिलने के लिए मुंबई जा रही शेखपुरा की विवाहिता रीता देवी (30) अपने 3 बच्चों के साथ रास्ते से ही रहस्यमय तरीके से गुम हो गई है। एक सप्ताह तक खोजबीन के बाद भी जब महिला और उसके बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला तब शुक्रवार को पति जयेन्द्र प्रसाद शर्मा ने शेखपुरा थाना में इसकी लिखित सूचना दी है। गुम महिला रीता का ससुराल नवादा जिला का नवादा थाना के माहुलीडीह है उसका नैहर शेखपुरा के गिरिहिडा में है। रीता का पति जयेन्द्र मुंबई में रहता है। रीता अपने 3 बच्चों के साथ पति के पास जाने के लिए 22 मार्च को क्यूल में मुंबई की ट्रेन पकड़ी थी। पटना तक पति और नैहर वालों से फोन से उसका संपर्क रहा,मगर अचानक फोन स्विच आफ हो गया। इसके बाद रीता और उसके 3 बच्चों कन्हैया (9),धनंजय (6) तथा रानी (3) का कोई सुराग नहीं मिल रहा है। रीता और बच्चों के गुम हो जाने की सूचना के बाद पति जयेन्द्र भी मुंबई से शेखपुरा पहुंचा तथा पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने बताया रीता और बच्चों का सुराग ढूंढने के लिए रेल पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।

शहर में चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
जागरण संवाददाता शेखपुरा एक सप्ताह में शुक्रवार को दूसरी बार नगर परिषद ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कार्यपालक पदाधिकारी की अगुवाई में नगर परिषद ने दल-बल के साथ नगर परिषद कार्यालय से चांदनी चौक तक सड़क और फुटपाथ पर से अतिक्रमण हटाया। अभियान में बड़ी संख्या में पुलिस और नगर परिषद के कर्मी भी शामिल हुए। अभियान में कई लोगों के सामान भी जब्त किए गए। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया मुख्य सड़क और फुटपाथ पर सुगम आवागमन के लिए इस तरह का अभियान चलता रहेगा। शहर के दूसरे क्षेत्रों में भी इसी तरह का अभियान चलाया जायेगा। शहर में दल्लू चौक से लेकर कटरा चौक और फिर यहां से चांदनी चौक पर अतिक्रमण से सबसे अधिक जाम लगता है। फुटपाथों पर दुकानदारों का कब्जा हो जाने के बाद बुजुर्ग और स्कूली बच्चों को खतरा मोल लेकर बीच सड़क पर पैदल चलना पड़ता है। शुक्रवार को इस अभियान में दुकानें की छतरी भी हटा दी गई। इधर, वेंडर एसोसिएशन ने इस कार्रवाई पर अपना विरोध जताया है।
मैट्रिक टॉपर को पूर्व केंद्रीय मंत्री ने किया सम्मानित
जागरण संवाददाता शेखपुरा मैट्रिक बोर्ड की परीक्षा में 477 अंक हासिल करके जिला टॉपर होने वाले बरसा हाई स्कूल के विद्यार्थी गुड्डू कुमार को पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री तथा जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने सम्मानित किया। ससबहना चौक पर आयोजित कार्यक्रम में कुशवाहा ने गुड्डू को शॉल और गुलदस्ता देकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना भी दी। कुशवाहा ने कहा नीतीश जी के राज में सरकारी स्कूलों की शिक्षण व्यवस्था में गुणात्मक बदलाव हो रहा है। इसी बदलाव का परिणाम है कि जिला के सबसे सुदूर माने जाने वाले बरसा स्कूल का बेहद साधारण परिवार का लड़का जिला टॉपर होने का गौरव हासिल किया है। गुड्डू घुसकुरी गांव का है तथा इसके पिता ससबहना चौक पर फोकचा का ठेला लगाते हैं। परीक्षा की तैयारी में रोज 8 घंटे पढ़ाई करने वाला गुड्डू भी समय निकालकर पिता के इस कारोबार में सहयोग करता था। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा बिहार सरकार विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के साथ कई तरह की सुविधा दे रही है। लोग इस सुविधा का लाभ उठाएं।

अन्य समाचार