हमारा ग्रह हमारा स्वास्थ्य थीम पर मनाया जाएगा विश्व स्वास्थ्य दिवस

संवाद सहयोगी, किशनगंज : स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सात अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इस दिन लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ दिलाने के मकसद से यह दिवस मनाया जाता है। इस दिवस के उपलक्ष्य में इंसान को अपनी दैनिक खुराक में बदलाव लाना चाहिए। ताकि इंसान जीवन में स्वस्थ और सेहतमंद रह सकें। यह बातें बुधवार को जिलाधिकारी डा. आदित्य प्रकाश ने कही।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष हमारा ग्रह हमारा स्वास्थ्य थीम पर विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाएगा। विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्वास्थ्य तथा उससे संबंधित समस्याओं पर विचार-विमर्श करना है। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सभी इंसान को कोविड से लड़ने पर ध्यान रखना चाहिए। जिले में चल रहे 12 वर्ष से ऊपर के सभी व्यक्ति कोविड टीकाकरण का सभी डोज ससमय लें साथ ही 60 वर्ष के ऊपर के व्यक्ति जिन्होंने समय पूरा होने के बाद भी प्रिकाशन डोज नहीं ली है। वे भी टीकाकरण अवश्य करवाएं।

सिविल सर्जन डा. कौशल किशोर ने कहा कि जो इंसान नींद पूरी लेते हैं। वे जीवन में कभी भी बीमारी से ग्रसित नहीं होंगे। नींद अधूरी होने से सेहत पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है। यदि जीवन में ज्यादा तनाव रखते हैं तो यह आपके लिए बहुत खतरनाक साबित हो सकता है। आपकी सेहत पर तनाव का बुरा प्रभाव कई भयंकर बीमारियों को न्यौता देता है। इसलिए हमेशा तनाव मुक्त रहने की कोशिश करें। अपनी दिनचर्या में व्यायाम को शामिल करें। जिससे आप स्वस्थ रह सकें।

अन्य समाचार