राजद विधायक एवं राजद प्रखंड अध्यक्ष पर आचार संहिता उल्लंघन पर केस

संसू, ठाकुरगंज (किशनगंज) : बीते चार अप्रैल को बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव 2022 के चुनाव में आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने के मामले में ठाकुरगंज थाने में राजद विधायक सऊद आलम के साथ राजद प्रखंड अध्यक्ष व बंदरझूला के मुखिया इकरामुल हक पर मामला दर्ज किया गया है। यह मामला गश्ती दल दंडाधिकारी मतपेटी संग्रह पदाधिकारी सह बाढ़ नियंत्रण व जल निस्सरण विभाग के कार्यपालक अभियंता सह मतदान केंद्र-4 ठाकुरगंज के द्वारा दिए गए लिखित आवेदन पर ठाकुरगंज थाने में कांड संख्या 64/2022, दिनांक 05 अप्रैल 2022 दर्ज किया गया है।


अशोक कुमार यादव द्वारा दिए गए आवेदन में यह बताया गया है कि विगत चार अप्रैल को बिहार विधान परिषद चुनाव के मतदान के दिन गश्ती दल दंडाधिकारी के रूप में मेरे साथ पुलिस अधिकारी संग पुलिस बल तैनात थे। मेरे द्वारा प्रखंड मुख्यालय के मुख्य द्वार पर तैनात पुलिस कर्मियो को यह आदेश दिया गया था कि प्रशासन के वाहन के अलावे किसी के वाहन को प्रवेश नहीं करने दिया जाए। जिनको भी अवागमन करना होगा वे छोटे गेट से करेगे। मतदान तिथि के दिन ग्यारह बजे राजद ठाकुरगंज विधायक मो सऊद आलम संग उनके पीछे -पीछे राजद प्रखंड अध्यक्ष इकरामुल हक का वाहन भी सुरक्षा में तैनात कर्मी पर दबाब बनाकर प्रवेश किया। मतदान करने आये विधायक से दोनो फोन लिया गया और वे मतदान करके तुरंत वापस चले गए। लेकिन मतदान केंद्र के सौ मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू थी।उसके बाद भी विधायक संग प्रखंड अध्यक्ष अपने वाहन में लगे प्रतीक चिन्ह संग प्रवेश किए, जो आचार संहिता का उल्लंघन है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि ठाकुरगंज थाने में विधायक सऊद आलम पर आचार संहिता उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है।

अन्य समाचार