गंगापुर में डीलरों का खेल कागजों पर हो रहा अनाज का वितरण

संस, जानकीनगर (पूर्णिया)। गंगापुर पंचायत में जन वितरण प्रणाली दुकानदार व खाद्य आपूर्ति विभाग के पदाधिकारी के घालमेल से अनाज की कालाबाजारी का खेल जारी है। गरीबों को सस्ता राशन, मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने का तंत्र पीडीएस लूट-खसोट की मानसिकता, कमीशनखोरी, पारदर्शिता का घोर अभाव, निगरानी समिति की निष्क्रियता के कारण गरीबों तक अनाज पहुंचाने में विफल साबित हो रहा है।

अंत्योदय योजना के लाभुकों को 36 महीने तक बीपीएल का खाद्यान्न कहकर मात्र पांच किलोग्राम अनाज दिया जाता रहा। प्रतिमाह लाभुकों की आंखों में डीलर द्वारा धूल झोंका जाता रहा। इतना ही नहीं एक लाभुक को 37 महीने तक मात्र आठ किलो अनाज दिया जाता रहा। हर माह 27 किलो अनाज कटौती कर लिया गया।धोखे में डालकर अंगूठा छाप लेकर पीडीएस दुकानदार गरीबों के हिस्से के अनाज की हकमारी करते रहे। इस बात का खुलासा तब हुआ जब लाभुक दूसरे डीलर के पास पहुंचकर अनाज उठाव किया और पर्ची प्राप्त किया। इसकी शिकायत जब डीलर से करने गए तो उल्टे डीलर लाभुकों पर आग बबूला हो गए और जहां जाना है,जाओ की धमकी तक दे दी। और विभागीय अधिकारियों को मैनेज्ड होने की बात कही गई। यह मामला गंगापुर पंचायत के दमगाडा टोला का है। उक्त लाभुकों का कहना है कि पंचायत के मिरचाईबाड़ी में डीलर का खेल कागजों में दफन हो रहा है। जानकारी दी गई कि शिकायत करने के बाद भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। उक्त पंचायत के वार्ड 09 दमगाड़ा टोला के अंत्योदय अनाज योजना के लाभुक राजीव रंजन यादव,चंद्रदेव यादव, फुहिया देवी ने बताया कि वर्ष 2019 के फरवरी माह से फरवरी 2022 तक डीलर के द्वारा उनलोगों से अंगूठा लेकर 35 किलोग्राम अनाज के जगह मात्र पांच किलो अनाज दिया जाता रहा। एक-एक लाभुक का इतने दिनों का बकाया अनाज 12 क्विटल 60 किलो का डीलर के द्वारा घालमेल कर लिया गया। लाभुक मो. हेमा देवी एवं जयप्रकाश यादव ने जानकारी दी कि वर्ष 2019 के फरवरी से लेकर 2022 के फरवरी माह तक हर माह आठ किलोग्राम अनाज उन्हें डीलर के द्वारा दिया गया और मार्च महीने का उन्हें 12 किलो और 6 किलो मुफ्त अनाज कहकर दिया गया। बोलीं कि अगर जोड़ा जाए तो उसका लगभग 13 क्विटल अनाज का घोटाला डीलर के द्वारा कर लिया गया।

बनमनखी के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गणेश कुमार ने बताया कि लाभुकों से शिकायत मिली है। इस मामले में जांच-पड़ताल कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार